पंजाब यूनिवर्सिटी चंडीगढ़ व इससे संबद्ध पंजाब के 200 कॉलेजों में इस साल होने वाले फ्रेश दाखिलों की फीस बढ़ा दी गई है। नए विद्यार्थियों को ट्रेडिशनल कोर्सेज के लिए पांच फीसदी व सेल्फ फाइनेंस कोर्सेज के लिए 7.5 फीसदी फीस अधिक देनी होगी। यह निर्णय रविवार को पीयू सीनेट की बैठक में लिया गया।
इस बढ़ी फीस के जरिये पीयू के खजाने में नए दाखिलों के जरिये 3.16 करोड़ रुपये आ सकेंगे। पहले 2.46 करोड़ रुपये मिलते थे। सीनेट की बैठक में फीस बढ़ोत्तरी का यह प्लान वर्ष 2024 तक बनाया गया है। हर साल नए दाखिलों की फीस बढ़ती रहेगी। पीयू सिंडिकेट की बैठक में फीस बढ़ोत्तरी का प्रस्ताव लाया गया था।
इसके लिए दस फीसदी बढ़ोत्तरी तय की गई थी, लेकिन इसका विरोध हुआ तो कमेटी को इस पर निर्णय लेने के लिए कहा गया। कमेटी ने अपनी रिपोर्ट सौंपी और वह एजेंडा सीनेट में लाया गया। कमेटी की इसी रिपोर्ट पर सीनेट ने मुहर लगा दी। हालांकि फीस बढ़ोत्तरी को लेकर आखिर में कई सदस्यों ने हंगामा किया, लेकिन इस पर बात नहीं बन पाई और मुहर लगा दी गई।
तीनों कॉलेजों की खत्म होगी मान्यता
पंजाब के एसडीपी कॉलेज लुधियाना, यहीं के देवकी देव जैन मेमोरियल कॉलेज फॉर वुमेन और इसी नाम से तीसरे कॉलेज की मान्यता खतरे में है। तीनों कॉलेजों की रिपोर्ट सामने आ गई है। इन कॉलेजों ने शिक्षकों का शोषण किया और उन्हें बाहर का रास्ता दिखा दिया। कुछ शिक्षकों को प्रवेश तक कॉलेज में नहीं करने दिया गया। इस पर आक्रोश जताया गया। सिंडिकेट में 28 मई को प्रस्ताव लाया जाएगा। सीनेट सदस्य डॉ. केके शर्मा, दिलीप आदि मेंबरों ने यह प्रकरण प्रमुखता के साथ उठाया।
गेस्ट फैकल्टी को दिया जाए अधिक मेहनताना
गेस्ट फैकल्टी को 15600 रुपये मिलने पर आक्रोश जताया गया। कहा गया कि यह मानदेय बहुत कम है जबकि उनसे कार्य सुबह नौ बजे से शाम पांच बजे तक लेने के आदेश दिए गए हैं। इसका विरोध किया गया और यह प्रस्ताव पास हुआ कि पंजाब सरकार को लिखा जाएगा कि गैस फैकल्टी का मेहनताना बढ़ाया जाए और सुबह से शाम तक कार्य करने के आदेश वापस लिए जाएं।
रोस्टर पर बहस, अब पुराने से होगी तुलना
शिक्षकों के प्रमोशन को लेकर रोस्टर बनाया गया जो बैठक में पेश किया गया लेकिन इसका विरोध हुआ। प्रो. रंगा ने कहा कि रोस्टर गलत व नियमों के विपरीत बनाया गया है। बनाने वाले लोग यह नहीं चाहते थे कि यह लागू हो। उन्होंने कहा कि पिछली बार रोस्टर बनाया गया था जो बिल्कुल सही है, उसे लागू किया जाना चाहिए।
इस पर काफी बहस हुई और तय हुआ कि सिंडिकेट की बैठक में पुराने व नए रोस्टर को देखा जाएगा और फिर उसे सीनेट में लाया जाएगा। इस दौरान शिक्षकों के प्रमोशन के मामले पास हो गए। सीएमओ डॉ. देविंदर धवन को भी काफी बहस के बाद एक्सटेंशन दे दिया गया। ईवनिंग में बीए ऑनर्स व बीकॉम ऑनर्स संचालन का प्रस्ताव पास हो गया।
साथ ही एनआरआई की खाली सीट अन्य विद्यार्थियों को देने का प्रस्ताव भी पास हो गया।
इस तरह बढ़ी है फीस
विभाग कोर्स पुरानी फीस नए सेशन की फीस
एंथ्रोपोलॉजी बीएससी प्रथम 11485 12485
एमएससी प्रथम 10825 11825
बायो कैमिस्ट्री, फिजिक्स बीएससी प्रथम 11485 12485
बायो टेक बीएससी प्रथम 19405 20405
बॉटनी बीएससी प्रथम 11485 12485
एमएससी एनवायरमेंट एमएससी प्रथम 30405 31405
कैमिकल इंजीनियरिंग एंड टेक बीई 19915 20913
कंप्यूटर साइंस एमएससी प्रथम 10825 11825
जियोलॉजी बीएससी प्रथम 11485 12485
सेंटर फॉर वुमेन स्टडी एमए प्रथम 8825 9825
हिंदी एमए प्रथम 8825 9825
पंजाबी एमए प्रथम 8825 9825
फिजिकल एजुकेशन बीपीएड 10305 11305
साइक्लॉजी एमए प्रथम 9355 10355
यूबीएस एमबीए प्रथम 17725 18725
लॉ एलएलबी प्रथम 11345 12345