पंजाब यूनिवर्सिटी के सामने पिछले करीब दो साल से फंड की दिक्कतें खड़ी हो रही हैं। पीयू प्रशासन को कर्मचारियों के वेतन देने में मुश्किल आ रही है।
केंद्र सरकार और यूजीसी की ओर से पंजाब यूनिवर्सिटी को बजट का पूरा पैसा जारी नहीं करने का मामला पहले ही पंजाब एंड हरियाणा हाईकोर्ट पहुंच चुका है। पीयू कुलपति सीनेट में फंड रिलीज नहीं होने पर जनवरी 2017 में पीयू के बंद होने का बयान दे चुके हैं।
जानकारी अनुसार पंजाब यूनिवर्सिटी के कुलपति प्रो.अरुण कुमार ग्रोवर ने केंद्र सरकार से पीयू के बजट का बकाया पैसा जारी करने के लिए केंद्रीय वित्त मंत्री अरुण जेटली से अनुरोध किया है। जानकारी अनुसार इस मामले को लेकर अमृतसर में पीयू कुलपति ने अरुण जेटली से मुलाकात की उनको पीयू की आर्थिक हालत के बारे में पूरी जानकारी दी। प्रो.ग्रोवर ने पंजाब एंड हरियाणा हाईकोर्ट को पीयू की आर्थिक हालत को लेकर तैयार की गई रिपोर्ट की कापी भी जेटली को दी है। मामले में अरुण जेटली ने सेक्रेटरी एक्पेंडिचर से बातचीत करने का आश्वासन दिया है।
गौरतलब है कि पंजाब यूनिवर्सिटी ने केंद्र सरकार से 275 करोड़ के करीब बजट की मांग की थी। लेकिन अभी भी 100 करोड़ से अधिक बकाया है। पंजाब यूनिवर्सिटी को कर्मचारी और प्रोफेसर की वेतन देने के लिए भी कई बार लोन लेना पड़ा है। फंड को लेकर पीयू कुलपति लगातार यूजीसी अधिकारियों से भी मिल रहे हैं। इस हफ्ते भी फंड जारी करने को लेकर कुलपति ने दिल्ली दौरा किया है।