शहर के 40 सरकारी स्कूलों में इस साल 11वीं में दाखिले के लिए कड़ा मुकाबला होगा। शिक्षा विभाग के पास निर्धारित सीटों से करीब 2500 अधिक आवेदन जमा हुए हैं। सोमवार को आवेदन फॉर्म जमा करने का अंतिम दिन था।
8 सरकारी स्कूलों में 15 हजार 364 आवेदन फॉर्म जमा हुए हैं। सरकारी स्कूलों में 13 हजार सीटों के लिए 16 हजार 995 आवेदन फॉर्म बिके थे। काफी स्टूडेंट्स ने शिक्षा विभाग की वेबसाइट से भी आवेदन फॉर्म डाउनलोड कर जमा कराए हैं। कई सेंटरों पर अंतिम समय तक स्टूडेंट फॉर्म जमा करने पहुंचे।
गवर्नमेंट मॉडल-16 में दाखिला पहली पसंद
11वीं दाखिले के लिए स्टूडेंट्स से 15 स्कूलों की वरीयता मांगी है। सूत्रों के अनुसार स्टूडेंट्स ने पहली प्राथमिकता सेक्टर-16 गवर्नमेंट मॉडल सीनियर सेकेंडरी स्कूल को दी है। 2015 में सेक्टर-16 और मनीमाजरा में कॉमर्स संकाय में दाखिले के लिए सबसे अधिक 9.4 सीजीपीए कट ऑफ रहा था। जबकि साइंस में मनीमाजरा में कट ऑफ 10 सीजीपीए रहा था। शहर के टॉप सरकारी स्कूलों में सेक्टर-35, सेक्टर-37बी, मनीमाजरा एमएचसी गवर्नमेंट स्कूल और सेक्टर-40बी जैसे स्कूल शामिल हैं।
साइंस और कॉमर्स के लिए मारमारी
11वीं में सबसे अधिक आवेदन साइंस और कॉमर्स संकाय के लिए आए हैं। इन कोर्स में सीमित सीटों के कारण सभी के लिए दाखिला मिलना मुमकिन नहीं होगा। सीबीएसई 10वीं का रिजल्ट इस साल काफी बेहतर रहा है। 2500 से अधिक स्टूडेंट ने 10 सीजीपीए पाए हैं। ऐसे में 10 सीजीपीए पाने वाले सभी स्टूडेंट्स को भी पसंद का स्कूल मिलना मुश्किल है। शहर के अन्य टॉप गवर्नमेंट स्कूलों में सेक्टर-19, 10, 8, 21, 46, 22, 23 गवर्नमेंट स्कूल शामिल हैं।