हरियाणा केंद्रीय विश्वविद्यालय के शैक्षणिक सत्र 2019-20 के लिए दाखिले की प्रक्रिया शुरू हो गई है। शेड्यूल जारी कर दिया गया है, आवेदन ऑनलाइन ही करना होगा। विश्वविद्यालय में उपलब्ध स्नातक, स्नातकोत्तर, एमफिल, पीएचडी पाठ्यक्रम की 1784 सीटों पर दाखिले केंद्रीय विश्वविद्यालय संयुक्त प्रवेश परीक्षा सीयूसीईटी-2019 के आधार पर होंगे। सीयूसीईटी-2019 के लिए ऑनलाइन आवेदन की प्रक्रिया बुधवार 13 मार्च से शुरू हो चुकी है।
इच्छुक अभ्यर्थी आगामी 13 अप्रैल तक आवेदन कर सकते हैं। हरियाणा केंद्रीय विश्वविद्यालय में सीयूसीईटी-2019 के नोडल ऑफिसर डॉ. फूल सिंह व सुंदर लाल शर्मा, डिप्टी नोडल ऑफिसर ने बताया कि इस बार विश्वविद्यालय बायोकैमेस्ट्री, गणित, भौतिकी में भी पीएचडी की शुरूआत कर रहा है। विश्वविद्यालय में स्नातक कोर्स के लिए 488, स्नातकोत्तर के लिए 1169, एमफिल के लिए 29 एवं पीएचडी के लिए 98 सीटों के लिए दाखिले होंगे।
सीयूसीईटी-2019 के माध्यम से 14 केंद्रीय विश्वविद्यालयों में दाखिला होगा। इसके अलावा आवेदक हरियाणा केंद्रीय विश्वविद्यालय की वेबसाइट से भी प्रवेश परीक्षा के लिए ऑनलाइन आवेदन फार्म भर सकते हैं। आवेदन प्रक्रिया पूरी होने के बाद 25-26 मई को देश भर के 120 परीक्षा केंद्रों पर प्रवेश परीक्षा आयोजित की जाएगी। हरियाणा केंद्रीय विश्वविद्यालय के अंतर्गत हिसार, महेंद्रगढ़, चंडीगढ़ और दिल्ली सहित पांच नए परीक्षा केंद्र सोनीपत, कुरुक्षेत्र, गुरुग्राम, मेरठ और आगरा बनाए जाएंगे।