केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएसई) ने 12वीं कक्षा के विद्यार्थियों थोड़ी राहत दी है। बोर्ड ने साल-2017 में होने वाली बोर्ड परीक्षाओं के लिए पेपर पैटर्न में बदलाव किया है। नए पैटर्न के तहत विद्यार्थियों को गणित और अंग्रेजी के पेपर में 20 प्रतिशत ही कठिन सवालों के जवाब देने होंगे। 60 फीसदी सामान्य समझ तो 20 फीसदी आसान श्रेणी से सवाल पूछे जाएंगे।
बोर्ड ने विद्यार्थियों को हिदायत दी है कि वे नए पैटर्न के हिसाब से परीक्षा की तैयारी करें। बोर्ड की ओर से पेपर पैटर्न बदलने के पीछे की मुख्य वजह पिछले साल गणित का पेपर कठिन आना बताया जा रहा है। सीबीएसई से संबद्ध निजी स्कूलों के प्राचार्यों का कहना है कि बोर्ड ने पेपर पैटर्न में कुछ बदलाव किया है। नए पैटर्न के अनुसार पेपर में छोटे उत्तर वाले सवालों में कोई विकल्प नहीं दिए जाएंगे।
पठानिया पब्लिक स्कूल के निदेशक अंशुल पठानिया ने बताया कि बोर्ड ने गणित के पेपर में भी बदलाव किया है। बोर्ड की एडिशनल डायरेक्टर सुगंध शर्मा की ओर से जारी पत्र में कहा गया है कि विद्यार्थियों को नए पैटर्न के बारे में बताएं और उसी हिसाब से तैयारी कराएं। उन्होंने बताया कि पिछली बार गणित के पेपर में कुछ सवाल कठिन पूछे गए थे। इसके लिए बोर्ड की ओर से उन्हें ग्रेस मॉर्क्स दिए गए।
शिक्षा भारती विद्यालय की प्राचार्या डॉ. निर्मल पोपली ने बताया कि गणित के पेपर में विकल्प केवल 6 और 4 नंबर वाले सवालों में रहेंगे, यानी 30 फीसदी सवाल ही ऐसे होंगे जिनमें विद्यार्थियों को विकल्प दिए जाएंगे। इनमें विद्यार्थियों को दो में से एक सवाल चुनने का विकल्प रहेगा।