डेबिट या क्रेडिट कार्ड से फीस भरो और ढेरों ईनाम पाओ। यूटी शिक्षा विभाग सरकारी स्कूलों में कैशलेस सिस्टम को प्रमोट करने के लिए नई स्कीम शुरू करेगा। ई पेमेंट से फीस भरने पर स्टूडेंट्स के लिए हर तीन महीने बाद लकी ड्रा निकाला जाएगा।
स्टूडेंट्स को कैश अवार्ड के साथ और भी कई तरह के इनाम दिए जाएंगे। शहर के 90 हाई और सीनियर सेकेंडरी स्कूलों में ई पेमेंट सिस्टम शुरू करने के लिए शिक्षा विभाग की ओर से बैंकों को निर्देश जारी कर दिए गए हैं।
जनवरी के अंत तक स्वाइप मशीनें मिलने की उम्मीद है। शहर के 110 में से 90 स्कूलों में 9वीं से 12वीं क्लास तक फीस जमा होती है। हर तीन महीने बाद स्टूडेंट्स से फीस ली जाती है।
विभाग से मिली जानकारी अनुसार स्कूलों में फीस की अंतिम किस्त बची हुई है। विभाग द्वारा फिलहाल कैश से भी फीस भरने का विकल्प रखा गया है। लेकिन अगले सत्र से सभी स्कूलों में पूरी तरह कैशलेस ही फीस भरी जाएगी। शिक्षा विभाग प्राइवेट स्कूलों को भी कैशलेस फीस सिस्टम लागू करने के लिए चिट्ठी लिखेगा।