महिला आईएएस अधिकारी को मैसेज भेजने के मामले में उलझे कैबिनेट मंत्री चरणजीत सिंह चन्नी सामने आए और कहा कि अकाली दल इस मामले को बेवजह तूल दे रहा है। मामला हल हो चुका है। मुख्यमंत्री चाहें तो उनका इस्तीफा ले सकते है। मुख्यमंत्री कहेंगे तो मंत्री पद छोड़ दूंगा। विदेशी दौरे से लोटे चन्नी धान के खरीद प्रबंधों का जायजा लेने के लिए चमकौर साहिब मंडी पहुंचे थे।
उन्होंने पत्रकारों से बात करते हुए कहा कि मैसेज गलती से महिला अधिकारी को भेजा गया था। उन्होंने कहा कि मैसेज अश्लील नहीं और रूटीन में ही उन्होंने कई लोगों को भेजा था, जिसमें महिला अधिकारी को भी यह मैसेज चला गया। चन्नी ने कहा कि उन्होंने दूसरे ही दिन महिला अधिकारी से इस संबंध में गलती मान ली थी और मुख्यमंत्री की हाजिरी में यह मामला हल को गया था।
उन्होंने कहा कि महिला अधिकारी ने उनके खिलाफ कोई शिकायत तक नहीं दी। कई महीनों के बाद अब इस मामले को जानबूझ कर उछाला गया है। चन्नी ने कहा कि मुख्यमंत्री भी इस मामले में साफ बयान दे चुके है। उन्होंने कहा कि सीएम और उनके विदेश जाने के बाद इस मामले को उछाला गया है।