चंडीगढ़। चंडीगढ़ हाउसिंग बोर्ड (सीएचबी) ने 151 व्यावसायिक (लीज होल्ड) और 38 आवासीय (लीज होल्ड) संपत्तियों को बेचने के लिए जारी टेंडर की अंतिम तिथि बढ़ा दी है। अब इन संपत्तियों को खरीदने के लिए लोग 10 अगस्त सुबह 10 बजे से पहले बोली लगा सकेंगे। 15 मिनट बाद 10.15 बजे टेंडर में आई बोलियों को खोला जाएगा।
बोर्ड की तरफ से 14 जुलाई को इन संपत्तियों की बिक्री के लिए टेंडर जारी किए गए थे और 2 अगस्त शाम 6 बजे बोली लगाने की अंतिम तिथि थी। लोगों की तरफ से लीज होल्ड को लेकर बीते कई दिनों में कई सवाल पूछे गए, जिसे देखते हुए सीएचबी ने लोगों को संपत्तियों को खरीदने के लिए अतिरिक्त समय देने का फैसला किया है।
बोर्ड ने स्पष्ट किया है कि जिन लोगों ने पहले बोली लगा दी है, वह भी 10 अगस्त तक अपने बोलियों में बदलाव कर सकते हैं। जिस संपत्ति के लिए जिसकी बोली सबसे ज्यादा होगी, उसे वह संपत्ति बेच दी जाएगी। सीएचबी के अधिकारियों के अनुसार, आवासीय संपत्तियों को हर सोमवार और व्यावसायिक संपत्तियों को हर शनिवार जाकर देखा जा सकता है। इसके लिए सीएचबी की वेबसाइट पर सभी जानकारी अपलोड की गई है।
फ्री होल्ड आवासीय संपत्तियों के लिए नहीं बढ़ी अंतिम तिथि
सीएचबी ने कहा है कि वह जल्द ही सीएचबी की वेबसाइट पर लीज पीरियड की जानकारी भी अपलोड कर देंगे। सीएचबी ने 46 फ्री होल्ड आवासीय संपत्तियों को बेचने के लिए भी टेंडर जारी किया है। बोर्ड ने स्पष्ट किया है कि उनके लिए अंतिम तिथि नहीं बढ़ाई गई है। उन संपत्तियों के लिए बोली जमा कराने का आखिरी समय 4 अगस्त शाम 6 बजे तक ही है। 18 वर्ष से ऊपर देश के किसी भी राज्य में रहने वाला व्यक्ति इस ई-टेंडरिंग की प्रक्रिया में भाग ले सकता है। एनआरआई भी बोली लगा सकते हैं। बोली लगाने से पहले सभी बोली दाता संपत्तियों को जाकर देख भी सकते हैं।