चंडीगढ़। समाज के वंचित वर्ग के मेधावी छात्रों को सहायता प्रदान करने के लिए सामाजिक कार्यकर्ता व बिजनेसमैन विजय पासी ने सोमवार को पंजाब राजभवन में पंजाब के राज्यपाल व चंडीगढ़ के प्रशासक गुलाबचंद कटारिया को 1.11 करोड़ रुपये का चेक सौंपा।
प्रशासक ने कहा कि इस राशि का उपयोग ‘सोसाइटी फॉर एम्पावरमेंट ऑफ डिसएडवांटेज्ड टैलेंटेड यूथ’ के अन्तर्गत पंजाब और यूटी चंडीगढ़ के प्रतिभाशाली युवाओं को वित्तीय सहायता प्रदान करने के लिए किया जाएगा। इस सोसाइटी ने पंजाब और चंडीगढ़ के सरकारी स्कूलों के कक्षा 8वीं और 10वीं के मेधावी छात्रों को नकद छात्रवृत्ति और प्रशंसा प्रमाण पत्र से सम्मानित करने हेतु इस पहल की शुरूआत की है। इस साल जुलाई और फरवरी में सोसाइटी की ओर से 600 विद्यार्थियों को 40 लाख से अधिक की वित्तीय सहायता प्रदान की गई थी। इन विद्यार्थियों को पंजाब राजभवन का भ्रमण भी कराया जाता है।