हरियाणा सरकार ने दुबई की तर्ज पर अंतरराष्ट्रीय स्तर का बाजार बनाने की दिशा में काम करना शुरू कर दिया है। सरकार राज्य में ऐसा बिजनेस टावर बनाना चाहती है, जिसकी चकाचौंध के आगे दुबई का ‘बिजनेस-बे’ भी फीका नजर आए। साथ ही मुंबई के एस्सेल वर्ल्ड की तर्ज पर एम्यूजमेंट सिटी बनाने का प्रस्ताव है।
बिजनेस टावर को गुरुग्राम के साथ ही द्वारका एक्सप्रेस वे के पास ग्लोबल सिटी के नाम से स्थापित किया जाएगा। इस सपने को धरातल पर उतारने के लिए डिप्टी सीएम दुष्यंत चौटाला ने गुरुवार को एचएसआईआईडीसी (हरियाणा स्टेट इंडस्ट्रियल एंड इंफ्रास्ट्रक्चर डेवलेपमेंट कॉरपोरेशन) के उच्च अधिकारियों के साथ बैठक की।
बैठक में एचएसआईआईडीसी के प्रबंध निदेशक विकास गुप्ता, महाप्रबंधक मनोज पाल सिंह को उन्होंने इन प्रोजेक्ट के लेआउट बनाने का निर्देश दिया है। दुष्यंत ने कहा कि ग्लोबल सिटी हरियाणा प्रोजेक्ट के लिए सरकार के पास करीब एक हजार एकड़ जमीन उपलब्ध है। अधिकारी इस प्रोजेक्ट पर तुरंत कार्य शुरू कर दें। इसके लिए अंतरराष्ट्रीय डेवेल्पर्स से भी संपर्क करें ताकि आधुनिक मार्केट बनाने में आसानी हो।
वैश्विक स्तर की सुविधाओं सहित इन प्रोजेक्ट को सिरे चढ़ाया जाए। मेगा प्रोजेक्ट में विजन सिटी व एम्यूजमेंट-सिटी बनाने की संभावनाएं तलाशें। विजन-सिटी में ज्वेलरी, फर्नीचर, गिफ्ट आदि से संबंधित आलीशान मार्केट बनाई जाएंगी। मुंबई के एस्सेल वर्ल्ड की तर्ज पर एम्यूजमेंट सिटी में बच्चों के लिए मनोरंजन व ज्ञानवर्धन स्थल बनाने का प्रस्ताव है।