आदमपुर के पास स्थित गांव मेटीयाना मागो से वापस आ रही एक निजी कंपनी की बस शुक्रवार सुबह गांव डरोली खुर्द के पास अनियंत्रित होकर बिस्त दोआबा नहर में गिर गई। हादसे के बाद आसपास के कई लोग मदद करने के लिए पहुंच गए। बस में करीब 18 यात्री सवार थे, जिन्हें खिड़कियों के शीशे खोलकर और तोड़कर बाहर निकाला गया। इस दौरान करीब आठ लोग घायल हो गए। सभी को इलाज के लिए पास के अस्पताल में दाखिल करवाया गया है।
पुलिस ने मौके पर क्रेन मंगवाकर बस को नहर से बाहर निकाला। डीएसपी आदमपुर तेजबीर सिंह और थाना प्रभारी परमिंदर सिंह ने कहा कि एक निजी कंपनी दोआबा की बस गांव मेटीयाना मागो से वापस आ रही थी कि गांव डरोली खुर्द पहुंचने पर नहर में जा गिरी। हादसे में बस सवार ज्ञानो, कंचन, सीमा, जसपिंदर समेत आठ लोगों को मामूली चोटें आई हैं।
बस ड्राइवर मुख्तयार सिंह के अनुसार सामने से आ रही एक हाई स्पीड कार ने एकाएक लाइटें जगाई, जिस वजह से उसकी आंखें सकपका गई और हादसा हो गया। हालांकि पुलिस के अनुसार सुबह साढ़े आठ बजे हुए हादसे के दौरान लाइटें जलाने का कोई औचित्य ही नहीं है। डीएसपी आदमपुर तेजबीर सिंह ने कहा कि मामले की जांच के बाद बस ड्राइवर के खिलाफ मामला दर्ज किया जाएगा। इसके बाद अगली कार्रवाई की जाएगी।