आगामी वित्त वर्ष में निजी क्षेत्र में 50 हजार युवाओं के लिए रोजगार के अवसर पैदा होंगे। वहीं रोजगार कौशल पर प्रशिक्षण दिलाकर अगले एक वर्ष में 1.5 लाख युवाओं को फायदा दिलाया जाएगा। पंचायतें आर्थिक रूप से अधिक सुदृढ़ हो, इसके लिए 1500 करोड़ रुपये का अतिरिक्त बजट मिलेगा।
सभी वर्गों के हित का बजट : डॉ. बनवारी लाल
बजट लोक-लुभावना और सभी वर्गो के हित वाला है। सार्वजनिक धनराशि का आवंटन और व्यय फलदायी तरीके से किया गया है। विभिन्न योजनाओं के बजटीय आवंटनों तथा केन्द्रित कार्यान्वयन के माध्यम से सतत विकास लक्ष्य प्राप्त करने पर ध्यान केंद्रित किया गया है। इससे राज्य में नागरिक सुविधा बढ़ाने और सुशासन हासिल करने में मदद मिलेगी।
बजट किसानों, मजदूरों, दुकानदारों, व्यापारियों, खिलाड़ियों व आमजन के लिए लाभकारी साबित होगा। खेल विजन का मूल उद्देश्य खेल अवसंरचना विकसित करना, खिलाड़ियों को प्रशिक्षित करना, छोटी उम्र से ही प्रतिभाशाली खिलाड़ियों की पहचान कराना, रोजगार के अवसर सृजित करना और विभिन्न युवा विकास कार्यक्रमों को लागू करना है। खेलो इंडिया 2021 की मेजबानी को लेकर हरियाणा पूरी तरह से तैयार है।
- संदीप सिंह, खेल राज्य मंत्री।
विपक्ष की प्रतिक्रिया
बजट प्रदेशवासियों के साथ धोखा है। यह बजट सिर्फ आंकड़ों की बाजीगरी वाला है। कोरोना महामारी के बाद हरियाणा के लोगों की आर्थिक स्थिति बेहद ही खस्ता है। लोगों को इस बजट से काफी उम्मीदें थीं। पर इस बजट से हरियाणावासियों को निराशा के अलावा कुछ हाथ नहीं लगा है। सरकार सिर्फ हरियाणा प्रदेश को कर्ज में धकेलने का कार्य कर रही है। बजट सरकार की नाकामियों का पुलिंदा है। - कुमारी सैलजा, अध्यक्ष, हरियाणा कांग्रेस।
यह बजट हरियाणा को आर्थिक दिवालियेपन को धकेलने वाला दिशाहीन और निराशाजनक है। मजदूर, किसान, कर्मचारी, व्यापारी और युवाओं को सिर्फ निराशा हाथ लगी है। किसी हरियाणवी के लिए कोई राहत नहीं है। बजट में न तो बेरोजगारी कम करने की योजना है और न ही नई नौकरियां पैदा करने का जिक्र है। बजट में नया कुछ नहीं है। हरियाणा वालों के हिस्से केवल कर्ज आया है। - रणदीप सिंह सुरजेवाला, प्रवक्ता, कांग्रेस।