भारत-पाकिस्तान सीमा पर तैनात बीएसएफ की 38 बटालियन के लिए सीमा पर नई बैरकें बनाई गई हैं। बीओपी कमलजीत में बीएसएफ के जवानों के लिए निर्मित आधुनिक सुविधाओं से लैस इन बैरकों का उद्घाटन आईजी अशोक कुमार ने किया। इस अवसर पर सैक्टर गुरदासपुर के डीआईजी बिग्रेडियर एनके मिश्रा भी उपस्थित थे।
पत्रकारों से बातचीत में आईजी अशोक कुमार ने बताया कि बीएसएफ के जवानों के लिए सीमा पर निर्मित बीएसएफ की चौकियों पर जवानों के रहने के लिए सेक्टर गुरदासपुर अधीन केंद्रीय लोक निर्माण विभाग द्वारा कंवलजीत पोस्ट के अतिरिक्त ताश पत्तन, बमियाल टैंट पोस्ट, ढीढा फारवड पोस्ट तथा सिंबल पोस्टों सहित 5 पोस्टों का निर्माण करवाया गया है।
इन आधुनिक बैरकों के निर्माण पर करीब 6 करोड़ रुपये व्यय किए गए है। उन्होंने कहा कि बीओपी कमलजीत में जहां बीएसएफ के जवानों के लिए आलीशान बैरकों के निर्माण के अतिरिक्त एडम ब्लाक, किचन, डायनिंग ब्लाक, टायलेट, बाथरूम, शस्त्र घर आदि पर एक करोड़ 11 लाख 63 हजार रुपये व्यय किए गए हैं। सीमा पर बीएसएफ की चौकियों का नवीनीकरण कर जवानों को सुख सुविधाएं दी जा रही हैं।
उन्होंने कहा कि इससे पूर्व बीएसएफ के जवानों तथा महिला कांस्टेबलों के लिए बैरकें अलग तौर पर बनाई गई हैं। इनमें सभी सुविधाएं उपलब्ध हैं। इस अवसर पर बीएसएफ की 38 बटालियन के कमांडेंट दिनेश कुमार राजौरा, सहायक कमांडेंट नीरज कौशिक उपस्थित थे।