पुलिस और ग्रामीणों के बीच ठनी
दो वर्दीधारियों से हेरोइन पकड़ने के मामले में पुलिस और ग्रामीणों के बीच ठनी गई है। ग्रामीणों ने इन दोनों को हेरोइन संग पकड़वाया था। ग्रामीणों का आरोप है कि जालंधर के एसएसपी पकड़े गए आरोपियों का पक्ष ले रहे हैं। इस बात से नाराज ग्रामीणों ने फिरोजपुर और जालंधर एसएसपी के खिलाफ रोष प्रर्दशन किया है।
ग्रामीणों का कहना है कि कुछ दिन पूर्व फिरोजपुर एसएसपी ने सीमांत ग्रामीणों की बैठक बुलाकर हेरोइन तस्करों को पकड़वाने की बात कही थी। गुरुवार रात हुसैनीवाला बार्डर से दो पुलिस मुलाजिमों को हेरोइन के दो पैकेटों संग पकड़वाया है। ये दोनों मुलाजिम जालंधर के गोराया से संबंधित है। ग्रामीणों का कहना है कि पुलिस ने उक्त आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज नहीं किया तो ग्रामीण चंडीगढ़ स्थित मुख्यमंत्री के कार्यालय पर धरना देंगे।
तरनतारन: 1.6 किलो हेरोइन समेत तीन तस्कर दबोचे
उधर, स्टेट स्पेशल ऑपरेशन सेल (एसएसओसी) ने तरनतारन जिला के भिखीविंड में चूंघा मोड़ से तीन तस्करों को गिरफ्तार किया है। इनके पास से 1 किलो 600 ग्राम हेरोइन बरामद हुई है। तीनों तस्करों को 21 सितंबर 2023 तक रिमांड पर लिया है। पुलिस के इंटेलिजेंस विंग को सूचना मिली थी कि तरनतारन के गांव तारा सिंह निवासी गुरमीत सिंह, अंग्रेज सिंह और तरनतारन के ही गांव बलेर निवासी बलविंदर सिंह उर्फ बिल्ला हेरोइन तस्करी का धंधा करते हैं। इनके पाकिस्तान के नशा तस्करों के साथ संबंध हैं, जो ड्रोन के जरिये हेरोइन को भारतीय क्षेत्र में ला रहे हैं। सूचना थी कि वे भिखीविंड में चूंघा मोड़ पर हेरोइन की खेप सप्लाई करने जा रहे हैं। इस सूचना के आधार पर एसएसओसी की टीम ने उक्त इलाके में घेराबंदी की। कुछ समय बाद दो बाइक पर तीन संदिग्धों को हिरासत में लिया तो चार पैकेटों में एक किलो 600 ग्राम हेरोइन मिली।