चंडीगढ़ के मौसम में कभी गर्मी तो कभी ठंडक महसूस की जा रही है। चार दिन पहले दिन का तापमान 36 डिग्री के पार चला गया था, लेकिन फिर से तापमान में गिरावट दर्ज की गई। दिन व रात के तापमान सामान्य से नीचे चले गए हैं। अधिकतम तापमान 31.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से एक डिग्री कम रहा, जबकि न्यूनतम तापमान 12.3 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड हुआ, जो सामान्य से चार डिग्री कम रहा।
मौसम विभाग के आंकड़ों के मुताबिक गुरुवार की रात अप्रैल के 13 साल में सबसे ठंडी रिकार्ड की गई है। इससे पहले कभी अप्रैल के महीने में इतना कम तापमान नहीं दर्ज किया गया है। आमतौर पर 20 मार्च के बाद पारा चढ़ने लगता है।
इस साल भी ऐसा हुआ, लेकिन होली के ठीक पहले एक पश्चिमी विक्षोभ आया, जिसकी वजह से पहाड़ी इलाकों में बारिश और ऊंचाई वाले इलाकों में हल्की बर्फबारी हुई। उसके बाद हवाओं का रुख उत्तर-पश्चिमी हो गया, जो अपने साथ ठंडक लाईं। इसकी वजह से तापमान में गिरावट आई।