चंडीगढ़। सेक्टर-17 के ताज होटल में बम की सूचना से हड़कंप मच गया। सूचना पाकर मौके पर पहुंची बम डिटेक्टिव टीम ने सर्च ऑपरेशन चलाकर होटल की अंडरग्राउंड पार्किंग से डमी बम बरामद कर कब्जे में ले लिया। पुलिस ने बताया कि मॉक ड्रिल जम्मू और कश्मीर के पहलगाम में पर्यटकों पर हुए आतंकवादी हमले के संबंध में सुरक्षा जांचने के लिए की गई थी।
पुलिस कंट्रोल रूम को सुबह करीब 11 बजे सूचना मिली कि ताल होटल में संदिग्ध वस्तु पड़ी है। सूचना के बाद डीएसपी उदयपाल, सेक्टर-17 थाना प्रभारी इंस्पेक्टर रोहित कुमार, ऑपरेशन सेल, बम डिटेक्शन टीम, डॉग स्क्वायड, डिफेंस की टीम, एंबुलेंस, दमकल विभाग और अन्य जांच टीमें पहुंचीं। पुलिस ने होटल में रुके ग्राहकों और स्टाफ को तुरंत बाहर निकाला और इसके बाद बम डिटेक्शन टीम ने सर्च ऑपरेशन चलाया। इस दौरान होटल की पार्किंग से डमी बम बरामद कर लिया। इसके बाद वरिष्ठ अधिकारियों ने लोगों को बताया कि सुरक्षा के मद्देनजर मॉक ड्रिल की गई थी।