चंडीगढ़। शहर की जूडो खिलाड़ी इशरूप नारंग हंगरी में होने वाली सीनियर विश्व जूडो चैंपियनशिप 2025 में भारत का प्रतिनिधित्व करेंगी। हंगरी के बुडापेस्ट में चैंपियनशिप के मुकाबले 13 से 19 जून तक खेले जाएंगे।
इशरूप का चयन उनके अंतरराष्ट्रीय स्तर पर किए गए बेहतरीन प्रदर्शन के आधार पर किया गया है। इशरूप एमसीएम डीएवी कॉलेज सेक्टर-36 चंडीगढ़ में बीए में पढ़ती हैं। वे सेक्टर 34 स्थित खेल परिसर में जूडो कोच विवेक ठाकुर से प्रशिक्षण ले रही हैं।
इस उपलब्धि पर एमेच्योर जूडो एसोसिएशन चंडीगढ़ के महासचिव एनएस ठाकुर ने इशरूप और उसके कोच विवेक ठाकुर की प्रशंसा की। ठाकुर ने उम्मीद जताई कि इशरूप लगातार बेहतर प्रदर्शन करेंगी और 2028 लॉस एंजिल्स ओलंपिक खेलों के लिए क्वालीफाई करेंगीं।