विश्व रक्तदाता दिवस के उपलक्ष्य पर जरूरतमंदों की मदद के आज रक्तदान कैं लगाया जा रहा है, जरूर पहुंचे। विश्व रक्तदाता दिवस के उपलक्ष्य पर अमर उजाला फाउंडेशन, श्री शिव कांवड़ महासंघ चैरिटेबल ट्रस्ट, श्री ओंकार दास मित्तल चैरिटेबल ट्रस्ट, शिव शक्ति सेवा मंडल बुढलाडा, लेदर देन और रेडक्रॉस की ओर से मंगलवार (14 जून) को रक्तदान शिविर का आयोजन किया जा रहा है।
चंडीगढ़ के सेक्टर-17 स्थित ब्रिज मार्केट में आयोजित शिविर का समय सुबह नौ बजे से लेकर दोपहर तीन बजे तक रहेगा। कैंप में मुख्य अतिथि के तौर पर चंडीगढ़ के गृह सचिव अनुराग अग्रवाल मौजूद रहेंगे और वे रक्तदानियों का हौसला बढ़ाएंगे। इस मौके पर रीजनल आर्गन एंड टिश्यू ट्रांसप्लांट आर्गनाइजेशन (रोटो) की टीम भी मौजूद रहेगी, जो रक्तदानियों को आर्गन डोनेशन के प्रति जागरूक करेंगे और शपथ पत्र भरवाएंगे।
रक्तदान के फायदे
- रक्तदान से हार्ट अटैक की आशंका कम हो जाती है। विशेषज्ञों का मानना है कि डोनेशन से खून पतला होता है, जो हार्ट के लिए अच्छा होता है।
- रक्तदान के बाद बोनमैरो नए रेड सेल्स बनाता है। इससे शरीर को नए ब्लड सेल्स मिलने के अलावा तंदरुस्ती भी मिलती है।
- रक्तदान सुरक्षित व स्वस्थ परंपरा है। इसमें जितना खून लिया जाता है, वह 21 दिन में शरीर फिर से बना लेता है।
- रक्तदान से कैंसर व दूसरी बीमारियों के होने का खतरा भी कम होता है, क्योंकि यह शरीर में मौजूद विषैले पदार्थों को बाहर निकालता है।
इसलिए आयोजित किया जा रहा रक्तदान शिविर
समाजसेवी संस्थाओं के अशोक मित्तल, बीएन शर्मा, इकबाल सेठी, राकेश संगर, संजीव चड्डा, राजकुमार मदान, देविंदर शर्मा और रमेश नारंग ने बताया कि गर्मियों के वक्त ब्लड बैंक में रक्त की कमी हो जाती है। इससे दुर्घटना में गंभीर घायल, सर्जरी के मरीज और डिलीवरी के दौरान सहित कई मरीजों को रक्त की जरूरत पड़ती है। यदि उन्हें समय पर रक्त नहीं मिलेगा तो उनकी सांसें टूट जाएंगी। हर जिंदगी जरूरी है। कई लोग रक्त देना चाहते हैं, लेकिन उन्हें मंच नहीं मिलता।
हर रक्तदानी को किया जाएगा सम्मानित
सेक्टर-17 ब्रिज मार्केट में आयोजित शिविर में हर रक्तदानी को संस्थाओं की ओर से सम्मानित किया जाएगा। उन्हें पीजीआई और अमर उजाला फाउंडेशन की ओर से सर्टिफिकेट दिया जाएगा। संस्थाओं की ओर से रक्तदानियों को स्मृति चिह्न भी दिया जाएगा।