अनियंत्रित थार ने पटियाला में मचाया उत्पात
- फोटो : अमर उजाला
पटियाला के 22 नंबर फाटक इलाके में वीरवार को एक काले रंग की थार गाड़ी सवारों ने सरे बाजार आतंक मचाते करीब आठ वाहनों को टक्कर मार कर क्षतिग्रस्त कर दिया। कई दुकानों को नुकसान पहुंचाया। इस दौरान लोगों ने किसी तरह से भागकर अपनी जानें मचाईं। भड़के लोगों ने गाड़ी पर पत्थर बरसाए और बड़ी मुश्किल से थार सवारों को काबू किया। लोगों ने आरोपी नौजवानों के साथ मारपीट भी की।
बाद में आरोपियों को पुलिस के हवाले कर दिया गया। खबर लिखे जाने तक पुलिस की ओर से आरोपियों का अस्पताल में मेडिकल कराया जा रहा था। पुलिस ने माना कि थार गाड़ी सवार तीनों नौजवान नशे में थे। आरोपियों के खिलाफ कानून के मुताबिक सख्त बनती कार्रवाई की जाएगी। इस संबंधी एक वीडियो तेजी के साथ सोशल मीडिया पर वायरल हो रही है। जिसका संज्ञान लेते हुए एसएसपी दीपक पारिक ने बयान जारी करके कहा है कि थार को कब्जे में लेकर आरोपियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
प्रत्यक्षदर्शी अमनजीत सिंह नाम के व्यक्ति ने बताया कि वह 22 नंबर फाटक के नजदीक लीला भवन एरिया में था। उसके सामने ही एक तेज रफ्तार काले रंग की थार गाड़ी आई, जिसने एक बुजुर्ग की कार में पीछे से टक्कर मारी। जैसे ही बुजुर्ग ने बाहर निकल कर देखा, तो थार सवारों ने गाड़ी भगा ली। बुजुर्ग ने बड़ी मुश्किल से भागकर अपनी जान बचाई। आगे जाकर 22 नंबर फाटर के एरिया में भी इस गाड़ी ने करीब आठ वाहनों को टक्कर मार कर क्षतिग्रस्त किया, जिनमें स्कूटर, मोटरसाइकिल व कारें आदि शामिल रहीं। कुछ दुकानों को भी नुकसान पहुंचाया।
इस दौरान लोगों ने इधर-उधर भाग कर अपनी जानें बचाईं। लोगों के मुताबिक थार गाड़ी में तीन युवक सवार थे, जो नशे में धुत्त थे और बड़ी लापरवाही व तेज रफ्तारी के साथ ड्राइविंग कर रहे थे। भड़के लोगों ने गाड़ी पर पत्थर मारे और बड़ी मुश्किल से थार सवार युवकों को काबू किया। गुस्से से लाल लोगों ने इस दौरान आरोपियों की पिटाई भी कर दी। बाद में इन्हें पुलिस के हवाले कर दिया गया।