चंडीगढ़। 6 अप्रैल को भाजपा अपना 42वां स्थापना दिवस मनाएगी। इसके लिए वीरवार को सेक्टर-33 स्थित भाजपा कार्यालय में प्रदेशाध्यक्ष अरुण सूद की अध्यक्षता में बैठक का आयोजन किया गया। 4 राज्यों में मिली जीत के बाद भाजपा अपना स्थापना दिवस खास तरह से मनाने की तैयारी कर रही है।
अरुण सूद ने बताया कि इस दिन होने वाले कार्यक्रमों को जन-जन तक पहुंचाने के लिए भाजपा ने राष्ट्रव्यापी योजना तैयार की है। 6 अप्रैल को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सभी कार्यकर्ताओं को संबोधित करेंगे। पीएम के संबोधन से पहले कार्यकर्ताओं को भाजपा का झंडा फहराने और पार्टी की टोपी पहनने का निर्देश दिया है। झंडा फहराने के बाद पार्टी कार्यकर्ता और नेता 20 से 30 मिनट की शोभायात्रा भी निकालेंगे।
स्थापना दिवस का यह कार्यक्रम 6 अप्रैल से शुरू होकर 14 अप्रैल तक चलेगा। इसके लिए सभी जिला मंडल स्तर के कार्यकर्ताओं को निर्देश दिए हैं। इन कार्यक्रमों के तहत रक्तदान शिविर, स्वास्थ्य शिविर, व्यापक स्तर पर टीकाकरण शिविर, महिला के लिए स्वास्थ्य शिविर, पोषण अभियान आदि को करने के कार्यक्रम किए जाएंगे।
भाषण लाइव दिखाने की भी होगी व्यवस्था
पीएम के संबोधन को बूथ स्तर तक के कार्यकर्ता, पन्ना प्रमुख मोबाइल, लैपटॉप, टीवी या अन्य ऑनलाइन माध्यम से सुनेंगे। कई जगह स्क्रीन लगाकर प्रधानमंत्री के भाषण को लाइव दिखाने की व्यवस्था भी की जाएगी। इस मौके पर अरुण सूद के साथ महामंत्री रामवीर भट्टी के अलावा सभी प्रदेश पदाधिकारी, पार्षद, जिला अध्यक्ष, मोर्चा अध्यक्ष, मंडल अध्यक्ष सहित वरिष्ठ कार्यकर्ताओं ने हिस्सा लिया।