हाईवे-21 पर मुंडी खरड़ के निकट एक सड़क दुर्घटना में भाजपा प्रदेशाध्यक्ष कमल शर्मा की कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई, वहीं कमल शर्मा को भी मामूली चोट लगी हैं।
हादसे के लिए सड़क पर कार में आगे जा रहे एक पूर्व फौजी को दोषी बताते हुए भाजपा के प्रदेश सचिव ने गुस्से में उसकी जमकर पिटाई कर दी।
पीछे से कार में आ रहे गांव मदनहेड़ी के सरपंच ने पूर्व फौजी को बीच में आकर बचाया। परंतु पुलिस ने सरपंच के विरुद्ध ही मारपीट का मामला दर्ज कर लिया।
पूर्व फौजी जगदीश चंद ने बताया कि वह दोस्त के साथ कार में चंडीगढ़ से खरड़ की ओर जा रहे थे। उनकी कार के आगे जा रही बोलेरो जीप के चालक ने आगे एक बच्चा आ जाने के कारण अचानक ब्रेक लगा दिए। इस कारण वह भी संभलते हुए ब्रेक लगा पाए, लेकिन पीछे से आ रही पायलट जिप्सी उनकी कार से टकरा गई।
जिसके पीछे भाजपा नेता की कार टकराकर क्षतिग्रस्त हो गई। हादसे के तुरंत बाद भाजपा नेता के सुरक्षाकर्मियों ने उन्हें पकड़ लिया। इसी दौरान भाजपा के सचिव सुभाष शर्मा ने पुलिसकर्मियों के साथ मिलकर उनसे जमकर मारपीट की।
बीच-बचाव में गांव मदनहेड़ी के सरंपच रविंदर सिंह रवी पहुंच गए। उन्होंने उन्हें इन नेताओं एवं पुलिसवालों के चंगुल से बचाया।
बाद में वह पुलिस थाने में शिकायत करने गए, तो पता चला कि पुलिस ने पहले ही उन्हें बचाने वाले सरपंच के विरुद्ध ही मामला दर्ज कर लिया है।उनके साथ मारपीट की किसी ने भी नहीं सुनीं और न ही भाजपा नेता के विरुद्ध कोई कार्रवाई की।
दूसरी ओर भाजपा के प्रदेश सचिव सुभाष शर्मा ने पुलिस में बयान दर्ज कराया है कि वह सरकारी कार्यक्रम से वापस लौट रहे थे। जब उनका काफिला गांव मुंडी खरड़ के निकट पहुंचा, तो आगे जा रही जीप के आगे कुछ आ जाने पर लगी ब्रेक के कारण उनके प्रदेश अध्यक्ष की पायलट जिप्सी इन कारों से टकरा गई।
जिससे अनियंत्रित होकर प्रदेश अध्यक्ष कमल शर्मा की इनौवा कार पायलट वाहन के पीछे जा टकराई एवं कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। हादसे में कमल शर्मा के मामूली चोटें भी आईं।
इसी दौरान अन्य वाहन की व्यवस्था कर उन्हें वहां से भेज दिया गया। वहीं एक स्कोर्पियो कार में सवार होकर आए सरपंच ने उनसे अभद्र व्यवहार कर उनसे मारपीट भी की और मौके से भाग गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।