भारतीय जनता पार्टी ने विधानसभा चुनाव में विजय हासिल करने के लिए अपनी विशेष रणनीति बनाकर उस पर अमल करना शुरू कर दिया है।
इसके तहत पार्टी के प्रदेशाध्यक्ष प्रो. रामबिलास शर्मा ने विधानसभा चुनाव में पार्टी से संबधित विषयों को इलेक्ट्रानिक और प्रिंट मीडिया में रखने के लिए प्रवक्ता व मीडिया का एक पैनल बनाया है। पार्टी ने जिन प्रवक्ताओं की लिस्ट जारी की है। उसमें कई टिकट के भी दावेदार हैं। लिहाजा पार्टी आने वाली 47 टिकट की सूची में कितने नाम शामिल करेगी यह देखना होगा।
प्रदेश अध्यक्ष प्रो. रामबिलास शर्मा ने वीरकुमार यादव को विधानसभा चुनाव के दौरान प्रदेश प्रवक्ता नियुक्त किया है। जबकि वीरेंद्र चौहान, बी.बी. सिंघल, रेखा शर्मा, विशाल सेठ व दीपक मनचंदा को चंडीगढ़ व पंचकूला क्षेत्र के मीडिया के लिए बयान देने के लिए नियुक्त किया है।
इसी तरह से शकुंतला शर्मा- कुरूक्षेत्र, जगमोहन आनंद-करनाल व पानीपत, ललित बत्रा-सोनीपत, प्रदीप जैन व विनोद पाहवा-रोहतक, ऋतिक वधवा-भिवानी, डॉ. योगेश बिदानी को हिसार व सिरसा क्षेत्र के मीडिया के लिए बयान देने के लिए अधिकृत किया है। इसी कड़ी में गुड़गांव व एनसीआर क्षेत्र के लिए पूर्व सांसद डॉ. सुधा यादव, जवाहर यादव, सुनीता दुग्गल, अनुराग बख्शी, रमन मलिक, रेनू भाटिया व मेजर रोशनलाल भाटिया को अधिकृत किया गया है।