गठबंधन सरकार के शीर्ष नेता ने कहा है कि जल्दी शुरू होने जा रही फसलों की खरीद से राजनीति का शिकार चंद किसानों व उन्हें बरगलाने वाले नेताओं की सभी भ्रांतियां दूर हो जाएंगी। किसानों के साथ कोई अन्याय नहीं हो रहा, उनके भले के लिए ही नए कानून हैं। सरकार ने खरीद की राशि सीधी किसानों के खाते में भेजने के ट्रायल पूरा कर लिया है।
किसान हमारे अपने, उनके साथ कुछ भी गलत नहीं होगा: दुष्यंत
डिप्टी सीएम दुष्यंत चौटाला ने कहा है कि किसान हमारे परिवार का हिस्सा हैं। उनके साथ कुछ भी गलत नहीं होगा। वे खुद किसान परिवार से हैं, इसलिए किसी गलत कानून का समर्थन कर ही नहीं सकते। नए कानून किसान को और समृद्ध बनाएंगे। किसान भाई किसी के बहकावे में न आएं।
बबली को बुलाकर सुनी शिकायतें
दुष्यंत चौटाला ने टोहाना विधायक देवेंद्र बबली को बुलाकर उनकी शिकायतें सुनी हैं। उनकी नाराजगी को भी जाना। बबली ने अपनी हर बात को दुष्यंत के सामने विस्तार से रखा है। डिप्टी सीएम उनके मुद्दों को जल्दी गठबंधन सरकार में उचित प्लेटफॉर्म पर उठाकर सुलझाने का पूरा प्रयास करेंगे।
कांग्रेस की गुगली में नहीं फंसेगी जेजेपी
नए कृषि कानूनों को लेकर सत्ता पक्ष पर जुबानी हमले कर रही कांग्रेस की गुगली में जेजेपी नहीं फंसेगी। भाजपा व जेजेपी का शीर्ष नेतृत्व कांग्रेस की मुहिम से आगाह हो चुका है। जल्दबाजी में जेजेपी कोई कदम नहीं उठाएगी। सरकार में रहकर किसानों के हित में काम करना जेजेपी की प्राथमिकता रहेगा। इसके संकेत शीर्ष नेतृत्व से शनिवार को मिले हैं।