चंडीगढ़। क्रेडिट कार्ड रिफंड के नाम पर की गई धोखाधड़ी में साइबर सेल ने बीते 19 अप्रैल को फतेहाबाद (हरियाणा) के 23 वर्षीय विकास उर्फ विक्की कुमार को गिरफ्तार किया था। पूछताछ और जांच के बाद खुलासा हुआ है कि विकास के तार देशभर में हुए ऑनलाइन ठगी के 1352 केसों से जुड़े हुए हैं। इस खुलासे के बाद से पुलिस के अधिकारी भी हैरान हैं।
शहर की एक महिला ने आरोपी के खिलाफ पुलिस को शिकायत दी थी। बताया था कि आरोपी ने क्रेडिट कार्ड ब्लॉक होने की बात कहकर बातों के जाल में फंसाया, फिर करीब 85 हजार रुपये ठग लिए। शिकायत पर पुलिस ने मामले में जांच की और आरोपी को 19 अप्रैल को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी हरियाणा के फतेहाबाद का रहने वाला है। पुलिस ने आरोपी के अन्य राज्यों से भी तार जुड़े होने की संभावना जताई थी, जिसके बाद कई राज्यों की पुलिस से संपर्क किया गया। आरोपी से पुलिस ने 8 मोबाइल बरामद किए थे। साथ ही पुलिस को चार आईएमईआई नंबर मिले, जिनकी जांच के बाद पता लगा कि इनका इस्तेमाल देश के कई राज्यों में हुए धोखाधड़ी के कुल 1352 केसों में हुआ है। इस मामले में पुलिस की जांच अभी भी जारी है।