भूपेंद्र सिंह हुड्डा, पूर्व मुख्यमंत्री हरियाणा (फाइल फोटो)
- फोटो : amar ujala
भूपेंद्र हुड्डा ने कहा कि इसमें किसी की कोई कमी नहीं है और वह हार का जिम्मेदार विधायक से लेकर कार्यकर्ता तक में किसी को नहीं मानते हैं। कहा कि लोकसभा चुनाव में जितनी कमियां रही हैं, उनमें सुधार जरूर किया जाएगा। क्योंकि अब विधानसभा के चुनाव आने वाले हैं और हर कार्यकर्ता को हर घर तक जाकर कांग्रेस से जोड़ना होगा।
कांग्रेस का संगठन नहीं होने के कारण भी हारने पर भूपेंद्र हुड्डा ने कहा कि चुनाव में हर कार्यकर्ता ने संगठन की तरह काम किया और उनके कार्यकर्ता ही संगठन से ज्यादा मजबूत है। इसके बावजूद विधानसभा चुनाव से पहले कांग्रेस का संगठन बन जाएगा और बूथ स्तर पर काम किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि सोनीपत की जनता ने हमेशा उनका साथ दिया है और इस चुनाव में भी 36 बिरादरी ने वोट किया। उन्होंने कहा कि एक चर्चा यह भी चलाई गई थी कि लोकसभा चुनाव के बाद वह यहां से वापस चले जाएंगे। लेकिन वह साफ कर देना चाहते हैं कि वह सोनीपत की जनता के साथ खड़े हैं और हमेशा खड़े रहेंगे।
विधानसभा चुनाव में काम नहीं करेगा मोदी फैक्टर
पूर्व सीएम भूपेंद्र हुड्डा ने कहा कि लोकसभा का चुनाव दिल्ली के लिए था, इसलिए वहां मोदी लहर ने काम किया। लेकिन आने वाला चुनाव चंडीगढ़ के लिए लड़ा जाएगा, इसमें मोदी फैक्टर का कोई असर हरियाणा में नहीं दिखेगा।
उन्होंने कहा कि विधानसभा चुनाव में मनोहर लाल का चेहरा देखा जाएगा और उससे ही लोग तय करेंगे कि किसकी सरकार प्रदेश में लेकर आनी है। ओपी चौटाला के बयान पर भूपेंद्र हुड्डा ने कहा कि वह हमेशा से इस बात के पक्षधर रहे हैं कि कोई भी राजनेता गैर जिम्मेदाराना टिप्पणी न करे।