पंजाब, हरियाणा और उत्तर प्रदेश में आपराधिक वारदातों को अंजाम देने वाले गिरोह के पकड़े गए भूप्पी राणा (बीआर गैंग) के सदस्य पंजाब के शार्प शूटर हैप्पी और बुड्ढा के साथ मिलकर वारदातों को अंजाम दे रहे थे। दिलप्रीत गैंग के इन दोनों आरोपियों ने ही परमीश वर्मा पर गोलियां चलाई थी।
बरवाला में भूपेश राणा की हत्या के मामले में वांछित गैंगस्टर भूप्पी राणा सहित तीन आरोपियों की गिरफ्तारी के वक्त बरामद बलेनो भी पंजाब के मोरिंडा से लूटी गई थी। इसी कार में तीनों आरोपी असलहे के साथ पकड़े गए थे।
बरवाला में भूपेश मर्डर मामले के आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद उन्हें रिमांड पर लिया गया है। इस दौरान पूछताछ में आरोपियों से न केवल पंचकूला और ट्राईसिटी बल्कि पंजाब, हरियाणा सहित अन्य प्रदेशों की कई वारदातों का खुलासा हो सकता है।
वारदात के बाद से फरार चल रहे आरोपियों की करीब साढ़े तीन माह बाद गिरफ्तारी हुई है। संपत नेहरा की गिरफ्तारी के बाद यह गैंग और भी सक्रिय हो गया था। गिरफ्तारी के वक्त भी तीनों अपराधी असलहे के साथ किसी बड़े अपराध को अंजाम देने की फिराक में थे।