हरियाणा सरकार ने यमुनानगर निवासी भोपाल सिंह को हरियाणा कर्मचारी चयन आयोग का नया चेयरमैन नियुक्त किया है। आरएसएस से जुड़े भोपाल सिंह अभी आयोग में बतौर सदस्य सेवाएं दे रहे थे। चेयरमैन के साथ ही सरकार ने पांच नए सदस्यों की भी नियुक्ति की है। राज्यपाल की मंजूरी के बाद मुख्य सचिव विजय वर्धन की ओर से मंगलवार को नियुक्ति संबंधी अधिसूचना जारी कर दी गई।
न्यू चंडीगढ़ फेज-3 निवासी कंवलजीत सैनी, चरखी दादरी के केसो दास मोहल्ला के विजय कुमार, पानीपत जिले के उंतला निवासी सत्यवान शेरा, सोनीपत जिले के रतनगढ़ निवासी विकास दहिया व हिसार जिले के गंगा बाघ निवासी सचिन जैन को आयोग का सदस्य नियुक्त किया गया है। चेयरमैन और सदस्यों की नियुक्ति तीन साल के लिए की गई है।
चेयरमैन का कार्यकाल कार्यभार संभालने से 3 वर्ष या 68 साल की आयु, जो भी पहले हो, उसके पूरा होने तक रहेगा। सदस्यों का कार्यकाल 3 वर्ष या 65 साल की आयु, जो भी पहले हो, उसके पूरा होने तक होगा। आयोग के अध्यक्ष व सभी नवनियुक्त सदस्यों ने नियुक्ति के लिए सरकार विशेषकर मुख्यमंत्री मनोहर लाल का आभार जताया है। उन्होंने शिक्षा मंत्री व चयन समिति के चेयरमैन कंवर पाल का भी धन्यवाद किया है।