कांग्रेसी झंडों और भंगड़े से स्वागत
जब राहुल समराला चौक पहुंचे तो कांग्रेसी झंडों, भंगड़ा डालते युवाओं और राहुल गांधी जिंदाबाद के नारों के बीच उनका जोरदार स्वागत किया गया। इस बीच समराला चौक के नजदीक बने मंच से राहुल गांधी ने जनसभा को संबोधित किया। राहुल गांधी के पंच पर पहुंचते ही लोगों ने उनका राहुल गांधी जिंदाबाद के नारों से स्वागत किया। इस पर राहुल ने आभार जताया व धन्यवाद किया।
यात्रा ने जाम की लुधियाना की सड़कें
भारत जोड़ो यात्रा के कारण गुरुवार को शहर की सड़कें पूरी तरह से जाम रहीं। प्रमुख सड़कों पर वाहनों की लंबी-लंबी कतारें लगी रहीं। इसके चलते राहगीरों को काफी परेशान होना पड़ा। शहर की सड़कों पर इस कदर जाम था कि यात्रा के समाप्त होने के बाद भी दो घंटे तक हाल-बेहाल रहा। पुलिस भी जाम खुलवाने में पूरी तरह से नाकाम साबित हुई। हालांकि यात्रा मार्ग को पुलिस ने पूरी तरह से साफ करवा रखा था।
कमिश्नरेट पुलिस ने रूट डायवर्ट करने के अलावा पूरा ट्रैफिक प्लान बनाया था लेकिन सारी योजना चौपट रही। समराला चौक पर राहुल गांधी का समारोह था। इसके चलते समराला चौक की तरफ जाने वाली हर सड़क को बंद कर दिया गया था। इसके अलावा चीमा चौक से पुलिस ने यातायात रोक दिया। बस स्टैंड से आने वाले ट्रैफिक को चीमा चौक जाने की इजाजत न देकर ढोलेवाल से डायवर्ट कर दिया गया। इसके अलावा शेरपुर चौक से ही समराला चौक जाने वाले ट्रैफिक को रोक दिया गया था। जमालपुर चौक से ट्रैफिक डायवर्ट कर दिया गया था।
झलकियां...
- लुधियाना में राहुल की यात्रा का 15 जगहों पर स्वागत किया गया। पंजाब में दूसरे दिन की राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा खन्ना से शुरू होनी थी। सुरक्षा कारणों के चलते सुबह जसपालों से एक किमी आगे कद्दो चौक और समय सात बजे से शुरू की गई। यात्रा दोपहर करीब 12.30 बजे समराला चौक पर पहुंची। राहुल गांधी रोजाना 25 किलोमीटर ही चलते है। राहुल का स्वागत जुगियाना से शुरू होकर समराला चौक तक चलता रहा।
- प्रताप सिंह बाजवा को बार-बार राहुल स्टेज पर बुलाते रहे, पंजाब के प्रभारी हरीश चौधरी ने कई बार प्रताप बाजवा को बुलाया लेकिन वह समराला चौक पर स्टेज पर नहीं आए तो रवनीत सिंह बिट्टू को स्वागत भाषण देना पड़ा।