आपकी बचत अब आपको फायदा देगी। जी हां, अगर आपने अब तक नौ सिलेंडर से कम ही लिए हैं तो बाकी बचे सिलेंडर आपको फरवरी और मार्च में मिल जाएंगे।
यानी आपकी सिलेंडर की किल्लत नए साल के दो महीनें में तो खत्म ही हो जाएगी साथ ही नए वित्तीय वर्ष के दौरान आपको 12 सिलेंडर का तोहफा मिल जाएगा। यही नहीं, आधार के लिए परेशान होने वालों के लिए भी अभी चंडीगढ़ में राहत है।
गैस कंपनियों को अब तक कोई निर्देश नहीं आए हैं कि आगे क्या करना है। इसीलिए एक फरवरी से लागू होने वाले नियम को अभी होल्ड कर दिया गया है।
जिनकी सब्सिडी है वो जाएगी
एक गैस कंपनी से मिली जानकारी के अनुसार, अभी कंपनियों के पास जिन लोगों की सब्सिडी है वह उनकी बुकिंग के संग ही दे दी जाएगी। आगे जो भी निर्देश होंगे वह फालो किए जाएंगे।
आधार तो साठ फीसदी हुए
चंडीगढ़ में अब तक गैस कंपनियों के पास सिर्फ साठ फीसदी ही आधार नंबर पहुंच सके हैं। गैस कंपनी के मालिकों के अनुसार यदि सब्सिडी का नियम लागू भी किया जाता है तो उसका लाभ ज्यादा लोगों को नहीं मिल सकेगा।
सिलेंडर मिलेगा 419 रुपये में
जिनके आधार लिंक नहीं हुए हैं उनको बुकिंग करवाने पर सिलेंडर 419 रुपये में ही मिल सकेंगे। गैस कंपनी के एक अधिकारी के अनुसार, जब तक निर्देश नहीं आएंगे तब तक ऐसा ही होगा।