गुरदासपुर में कस्बा दोरांगला में शनिवार को उस वक्त माहौल तनावपूर्ण हो गया जब नवरात्र को लेकर स्थानीय लोगों ने लंगर आयोजित करके मूर्तियां स्थापित की थी। इसी दौरान एक व्यक्ति वहां से गुजरा और पूजा के लिए रखी मूर्तियों के साथ बेअदबी करने लगा। जिसे वहां पर तैनात युवकों ने उसी वक्त पकड़ लिया और जमकर धुनाई की। लोगों ने आरोप लगाया कि फोन करने पर भी जब पुलिस मौके पर समय से नहीं पहुंची तो उन्होंने खुद आरोपी को बांध दिया। जिसे बाद में पुलिस ने छुड़वाया।
घटना के बाद पुलिस के मौके पर पहुंचने पर एकत्र लोगों और पुलिस के बीच तकरार हो गई। पुलिस ने आरोपी को थाने लेकर जाने की बात कहीं। बेअदबी से भड़के लोग वहीं पर मामला दर्ज करने की मांग करने लगे। इस दौरान दूसरे समुदाय से संबंधित लोग मौके पर पहुंचे और मामला तूल पकड़ने लगा। तभी गुरदासपुर पुलिस की ओर से मामले की गंभीरता को देखते हुए और हालात बिगड़ते देख भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया। इस मौके पर खुद एसपी (डी) मुकैश, डीएसपी (सिटी गुरदासपुर) सुखपाल सिंह, डीएसपी दीनानगर राजबीर समेत भारी पुलिस बल मौके पर पहुंचे और हालात को नियंत्रित किया।