संवाद न्यूज एजेंसी
चंडीगढ़। कर्नल सीके नायडू ट्रॉफी एलीट मुकाबले में मध्य प्रदेश और चंडीगढ़ के बीच खेला गया मैच वीरवार को ड्रॉ पर समाप्त हुआ। हालांकि, मध्य प्रदेश ने पहली पारी में 18 रन की बढ़त के आधार पर मुकाबले में बढ़त हासिल की। सेक्टर-16 क्रिकेट स्टेडियम में खेले गए मैच में मध्य प्रदेश ने पहली पारी में 459 रन बनाए, जिसके जवाब में चंडीगढ़ की टीम 441 रन पर सिमट गई।
मध्य प्रदेश की पहली पारी में आयाम वर्मा ने 132 और कप्तान सक्षम पुरोहित ने 130 रन की शानदार पारियां खेलीं। सोहम पाथवर्धन ने 75 रन बनाए। चंडीगढ़ की पहली पारी में आरुष भंडारी ने 135 और राघव वर्मा ने 132 रन बनाकर शतक जड़े। दूसरी पारी में मध्य प्रदेश ने 3 विकेट पर 285 रन बनाए। यशवर्धन चौहान ने नाबाद 105 रन की शतकीय पारी खेली, जबकि अनंत वर्मा 58 रन बनाकर नाबाद लौटे। कप्तान सक्षम पुरोहित ने 63 रन बनाए। चंडीगढ़ की ओर से साहिल कुमार ने 2 विकेट हासिल किए।