शिरोमणि अकाली दल के प्रधान सुखबीर सिंह बादल ने कहा कि आप प्रमुख अरविंद केजरीवाल पंजाब विरोधी ताकतों के साथ मिलकर अमन-शांति भंग करना चाहते हैं। प्रदेश में धार्मिक ग्रंथों की बेअदबी की घटनाएं आम आदमी पार्टी के आने के बाद से ही हुई हैं।
सुखबीर बुधवार को मलोट में शिअद-भाजपा प्रत्याशी दर्शन सिंह कोटफत्ता के पक्ष में आयोजित चुनावी रैली को संबोधित करने पहुंचे थेे। उन्होंने कहा कि केजरीवाल मोगा में खालिस्तान कमांडो फोर्स के जरनैल के घर रात को ठहरे। मोहाली में बब्बर खालसा इंटरनेशनल के नेता के यहां भी रुके। आप के आने के बाद अलगाववादी ताकतों को शह मिली है।
उन्होंने कहा कि केजरीवाल उन ताकतों से मिल गए हैं जिनके कारण 15 साल पंजाब में खून बहा। सुखबीर बोले कि लंबी के आप प्रत्याशी जरनैल सिंह ने भी इंग्लैंड में जाकर खालिस्तान की मांग की थी। सुखबीर बादल ने आवारा पशुओं के लिए हर विधानसभा क्षेत्र में 100 किल्ले में सरकारी गोशालाएं बनाने का वादा किया।
अकाली-कांग्रेसी कर रहे डर्टी पॉलिटिक्स: केजरीवाल
अरविंद केजरीवाल
- फोटो : फाइल फोटो
आम आदमी पार्टी के सुप्रीमो और दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल ने बुधवार को जालंधर में तीन विधानसभाओं नकोदर, शाहकोट और करतारपुर में रैलियों को संबोधित किया। इस दौरान केजरीवाल ने कहा कि अकाली और कांग्रेसी पंजाब में कुर्सी हाथों से निकलती देखकर डर्टी पॉलिटिक्स पर उतर आए हैं। अकाली दल और कांग्रेस को अब पूरा पंजाब और सारे पंजाबी ही आतंकवादी दिखने लगे हैं।
उन्होंने कहा कि पंजाब के शूरवीरों और एनआरआई भाइयों को आतंकवादी कहने वाले बादल और कैप्टन को किसी भी कीमत पर बक्शा नहीं जाएगा। उन्होंने कहा कि जब वह किसी हिंदू संगठन को मिलते हैं, तो यह कहते हैं कि केजरीवाल हिंदू आतंकवादियों से मिल गया हैं। जब सिख लोगों से मिलते हैं, तो कहा जाता है कि केजरीवाल सिख आतंकवादियों से मिला हुआ हैं।
उन्होंने कहा कि पंजाब में चिट्टा बेचने वाले और दिन दिहाड़े गुंडागर्दी करने वाले ही असली आतंकवादी हैं। केजरीवाल ने फिर दावा किया कि पंजाब में नशा बेचने वाले बिक्रम सिंह मजीठिया को आप की सरकार का गठन होने के बाद सजा दी जाएगी। केजरीवाल ने नकोदर से उम्मीदवार सरवन सिंह हेयर, शाहकोट से डॉ. अमरजीत सिंह थिंड और करतारपुर से चंदन ग्रेवाल के हक में चुनाव रैलियों को संबोधित किया।