चंडीगढ़। शहर में जल्द ही स्मार्ट पार्किंग मैनेजमेंट सिस्टम लागू होगा। इसे लेकर नगर निगम तैयारी कर रहा है। वीरवार को यूटी प्रशासक के सलाहकार धर्मपाल ने अधिकारियों के साथ पार्किंग व्यवस्था को लेकर एक समीक्षा बैठक की। बैठक के दौरान चंडीगढ़ स्मार्ट सिटी लिमिटेड की टीम ने फास्टैग वाले पार्किंग सिस्टम के तकनीकी समाधान के बारे में विस्तार से बताया, जिसमें लोग फास्टैग, यूपीआई, कैश आदि विभिन्न तरीकों से पार्किंग फीस का भुगतान कर सकेंगे। सलाहकार धर्मपाल ने कहा कि 87 पार्किंग स्थलों में ऑटोमेटिक सिंगल एंट्री-एग्जिट, फास्टैग, तय पार्किंग स्लॉट, मोबाइल एप्लिकेशन, दोपहिया वाहनों के लिए अलग पार्किंग जगह, पार्किंग स्टेटस और सेंट्रल कंट्रोल सेंटर आदि स्मार्ट पार्किंग मैनेजमेंट सिस्टम की विशेषताएं होंगी। लोगों की शिकायतों के निवारण के लिए शिकायत केंद्र, फास्ट टैग आधारित मासिक पास और ऑनलाइन रिचार्ज आदि की सुविधा भी उपलब्ध होगी। बैठक में निगम आयुक्त आनिंदिता मित्रा ने कहा कि स्मार्ट पार्किंग सिस्टम में पेड पार्किंग क्षेत्रों में आईटी इंफ्रास्ट्रक्चर, लोगों के लिए मोबाइल एप, पार्किंग प्रबंधन, डिजिटल भुगतान मोड और डेटा एनालिटिक्स शामिल होंगे।
चार माह में काम पूरा करने का आदेश
सुरक्षा के लिहाज से वाहनों के नंबरों को ट्रैक करने के लिए कैमरे लगे होंगे। वाहनों का डेटा प्राप्त करने और सेवाओं की निगरानी के लिए पार्किंग मैनेजमेंट सिस्टम को चंडीगढ़ के इंटीग्रेटेड कमांड एंड कंट्रोल सेंटर के साथ जोड़ा जाएगा। सलाहकार ने निर्देश दिया कि परियोजना को तय समय के अंदर पूरा करने के लिए टेंडरिंग प्रक्रिया तुरंत शुरू की जाए और 25 प्रतिशत पार्किंग स्थलों का कार्य अलॉटमेंट के 30 दिन व बाकी के स्थलों का काम 4 माह के भीतर पूरा किया जाना चाहिए।