फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

ऑफलाइन कक्षा में उपस्थिति हो जरूरी, तो विद्यार्थी कॉलेज से नहीं बनाएंगे दूरी

विज्ञापन
विज्ञापन
चंडीगढ़। शहर के कॉलेजों ने विद्यार्थियों के लिए ऑफलाइन कक्षाएं शुरू कर दी हैं। अभी विद्यार्थियों के लिए ऑफलाइन कक्षाओं की उपस्थिति अनिवार्य नहीं की गई है। इसका विद्यार्थी भरपूर फायदा उठा रहे हैं। वे मनमर्जी से ही कॉलेज आ रहे हैं। ऑफलाइन कक्षाएं लगाने की बजाय वे ऑनलाइन कक्षाएं लगा रहे हैं। कई कॉलेजों में 80 प्रतिशत तो कहीं कुल 100 विद्यार्थी ही ऑफलाइन कक्षाओं में पहुंच रहे हैं।
विज्ञापन

पोस्ट ग्रेजुएट गवर्नमेंट कॉलेज फॉर गर्ल्स-42 में सभी विभागों की कक्षाओं में 70 से 80 प्रतिशत विद्यार्थी ऑफलाइन कक्षाओं के लिए रोजाना कॉलेज आ रहे हैं। प्रथम वर्ष के अभी दाखिले आयोजित किए जा रहे हैं। वहीं दूसरे और तीसरे वर्ष के विद्यार्थियों की कक्षाएं शुरू हैं। कॉलेज के डीन सुरेश कुमार ने बताया कि तीन दिन विद्यार्थियों की ऑफलाइन और तीन दिन ऑनलाइन कक्षाएं लगाई जाती हैं। लैब की कक्षाएं ऑफलाइन ही लगाई जा रही है।
गुरु गोबिंद सिंह कॉलेज फॉर वुमन-26 में अंतिम वर्ष के लिए ऑफलाइन कक्षाएं आयोजित की जा रही हैं। कॉलेज की मीडिया प्रभारी गरिमा ने बताया कि विद्यार्थियों का उपस्थिति अनिवार्य नहीं होने और तीसरी लहर की खबरों के मद्देनजर ऑफलाइन कक्षाओं में रुझान कम है। अभी तक कॉलेज में करीब 100 विद्यार्थी ही आ रहे हैं।
विज्ञापन

कंप्यूटर और विज्ञान के विद्यार्थी ही कॉलेज बुलाए
एसडी कॉलेज-32 के प्राचार्र्य डॉ. अजय शर्मा ने बताया कि अभी प्रैक्टिकल विषयों बीसीए और विज्ञान के विभागों की ही ऑफलाइन कक्षाएं शुरू की हैं। इनमें 40 से 50 प्रतिशत विद्यार्थी ही ऑफलाइन कक्षाओं के लिए कॉलेज आ रहे हैं। वहीं प्रथम वर्ष के विद्यार्थियों से जो डाटा जुटाया गया है, उसके अनुसार 70 से 80 प्रतिशत विद्यार्थियों की उम्र कम होने के कारण उनका टीकाकरण नहीं हुआ है। बीए की कक्षाएं ऑफलाइन शुरू करवाने पर विचार किया जा रहा है।
ऑफलाइन कक्षाओं के साथ छात्रावास भी खोले
डीएवी कॉलेज-10 में विज्ञान, कॉमर्स के सभी कोर्स की कक्षाओं की ऑफलाइन कक्षाएं शुरू कर दी गई हैं। वहीं कला संकाय में सिर्फ पीजी के विद्यार्थियों को ही ऑफलाइन कक्षाओं के लिए बुलाया जा रहा है, जबकि बीए की सभी वर्षों की अभी ऑनलाइन कक्षाएं लग रही हैं। कॉलेज में करीब 70 प्रतिशत विद्यार्थी ऑफलाइन कक्षाओं में आ रहे हैं। प्राचार्य डॉ. पवन शर्मा ने बताया कि छात्रावास भी दूसरे राज्यों के विद्यार्थियों के लिए खोल दिए गए हैं। अभी इनमें करीब 250 विद्यार्थी रह रहे हैं। जल्द ही बीए की कक्षाएं भी ऑफलाइन शुरू कर देंगे।
करीब 60 प्रतिशत विद्यार्थी आ रहे हैं कॉलेज
पोस्ट ग्रेजुएट गवर्नमेंट कॉलेज-46 में ऑफलाइन कक्षाओं में करीब 60 प्रतिशत विद्यार्थी आ रहे हैं। कला संकाय और वाणिज्य के विभागों में दूसरे और तीसरे वर्ष के विद्यार्थियों की ऑफलाइन कक्षाएं लगाई जा रही हैं। मीडिया प्रभारी पूजा ने बताया कि अभी कुछ विद्यार्थियों को कोरोना वैक्सीन नहीं लगी है, इसलिए वे ऑनलाइन ही कक्षाएं लगा रहे हैं। इसके साथ ही उपस्थिति भी अनिवार्य नहीं की गई है। शिक्षक ऑनलाइन कक्षाएं भी ले रहे हैं।
पाबंदियां नहीं होने के कारण 50 प्रतिशत विद्यार्थी ही आ रहे कॉलेज
गवर्नमेंट बिजनेस कॉलेज-50 के मीडिया प्रभारी डॉ. आशुतोष ने बताया कि विभिन्न कोर्सों के दूसरे और तीसरे वर्ष की ऑफलाइन कक्षाएं शुरू की गई हैं। इसमें करीब 50 प्रतिशत उपस्थिति देखी जा रही है। इसका एक कारण है कि अभी कक्षा में उपस्थिति को लेकर पाबंदियां नहीं हैं, इसलिए विद्यार्थी ऑनलाइन कक्षाएं ही लगा लेते हैं। ऑफलाइन कक्षाएं अनिवार्य करने पर ही सभी विद्यार्थी कक्षाओं में आएंगे।
दाखिले के बाद एक साल नहीं देखी कक्षा
सरकारी कॉलेज-42 की छात्रा सौम्या ने बताया कि कॉलेज में दाखिले के बाद पहले साल तो कक्षा ही नहीं देखी। अब कॉलेज में आने के बाद विद्यार्थिर्यों से दोस्ती होने से अच्छा लग रहा है। वहीं खालसा कॉलेज-26 के विद्यार्थी अमन मलिक ने बताया कि उनकी कक्षा में 60 विद्यार्थी है, जिसमें करीब 12 ही ऑफलाइन कक्षा के लिए आ रहे हैं, इसलिए कक्षा में अभी उतनी रौनक नहीं है।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें