थाने में हवालाती ने किया आत्महत्या करने का प्रयास।
- फोटो : प्रतीकात्मक तस्वीर
चंडीगढ़ में झगड़े के केस में बंद एक युवक ने सेक्टर-36 थाने में मंगलवार देर रात आत्महत्या करने की कोशिश की। आरोपी हवालात के दीवार पर सिर मारने लगा। इससे घबराए पुलिसकर्मियों ने उसे बाहर निकाला। इसी दौरान उसने बेल्ट की पिन से नस काटने का प्रयास किया। उसे गंभीर हालत में जीएमएसएच-16 में भर्ती करवाया गया है। पुलिस ने मोहाली के साईं माजरा निवासी आरोपी संदीप कुमार खुर्मी (29) के खिलाफ आत्महत्या करने की कोशिश की धारा के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के मुताबिक मंगलवार को अटावा में कुछ लोगों को आपस में झगड़ा हो गया। इसके बाद संदीप के खिलाफ कार्रवाई कर पुलिस ने उसे सेक्टर-36 थाने में बंद कर दिया। मंगलवार देर रात करीब डेढ़ बजे संदीप ने हवालात में जोर जोर से चिल्लाना शुरू कर दिया कि वह अपराध करके थक गया है, उसकी जीने की तमन्ना नहीं है। इसके बाद वह दीवार पर सिर मारने लगा।
थाने में ड्यूटी दे रहे होमगार्ड रविंदर सिंह ने उसे बाहर निकाल लिया ताकि वह कुछ गलत न कर सके। इसके बाद संदीप ने वहां पर रखे एक बेल्ट की पिन से हाथ की नस काटना शुरू कर दिया जिससे वह जख्मी हो गया। मामले की सूचना उच्चाधिकारियों को दी गई। रविंदर की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी संदीप के खिलाफ मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया। हालांकि बाद में उसे जमानत पर छोड़ दिया गया। पुलिस जांच में सामने आया कि संदीप के खिलाफ मोहाली में लूटपाट की धाराओं के तहत मामला दर्ज है।