हरियाणा में बिजली बिलों के फर्जी मैसेज भेजकर साइबर ठगी की कोशिश की जा रही हैं। इसको लेकर हरियाणा पुलिस और बिजली निगम ने एडवाइजरी जारी की है। हरियाणा पुलिस ने कहा है कि बिजली बिलों के संबंध में एसएमएस द्वारा उन्हें कनेक्शन काटने संबंधी भेजे जा रहे फर्जी संदेश पर कोई जानकारी साझा न करें। ऐसे धोखेबाज पहले फोन नंबरों पर टेक्स्ट मैसेज भेजते हैं, जिसमें कहा जाता है कि आपकी बिजली काट दी जाएगी क्योंकि आपके पिछले महीने का बिल अपडेट नहीं हुआ है और दिए गए नंबर से संपर्क करने को कहा जाता है।
पिछले भुगतानों को सत्यापित करने के उद्देश्य से बैंक खाते के विवरण साझा करने के लिए मनाने की कोशिश करते हैं। साथ ही एनीडेस्क, टीम व्यूअर जैसे रिमोट एक्सेस एप्लीकेशन इंस्टॉल करने के लिए भी कहा जाता है। ऐसे जालसाजों से बचें और अपनी जानकारी साझा न करें। अगर फिर भी साइबर ठगी का शिकार बनते हैं तो ऐसी किसी भी घटना की सूचना
cybercrime.gov.in पोर्टल या नजदीकी पुलिस स्टेशन पर दें।
वहीं, उत्तर हरियाणा बिजली वितरण ने कहा कि यूएचबीवीएन किसी भी निजी मोबाइल नंबर पर अपने बिल का भुगतान के लिए नहीं कहता है। हमेशा बिल भुगतान के लिए निगम की आधिकारिक साइट
https://uhbvn.org.in और एप
https://tinyurl.com/2p8cxmmz का ही उपयोग करें। साथ ही धोखाधड़ी से सावधान रहें।