अश्वनी शर्मा ने थाना दसूहा में बताया कि उनको लगता है कि यह असामाजिक तत्वों द्वारा किया गया हमला है। यह पंजाब की अमन शांति को भंग करने के लिए किया गया हमला है, क्योंकि किसान कभी ऐसा काम नहीं कर सकते। खबर लिखे जाने तक शर्मा थाना दसूहा में उपस्थित थे।
वहीं भाजपा कार्यकर्ताओं को जैसे ही प्रदेश भाजपा अध्यक्ष पर हमले की जानकारी मिली तो पूरे जिले के कार्यकर्ता दसूहा थाने पहुंचे। रोष जताते हुए भाजपा कार्यकर्ताओं ने अपने वाहन बीच सड़क लगा कर राष्ट्रीय राजमार्ग पर यातायात अवरुद्ध कर दिया। इस दौरान जिला भाजपा अध्यक्ष संजीव, जंगी लाल महाजन, पूर्व विधायक सुखजीत कौर साही, पूर्व मंत्री अरुणेश शाकर और मंडल भाजपा अध्यक्ष कुंदन लाल शुभ सरोज मौजूद रहे।
प्रदेशभर में भाजपा करेगी प्रदर्शन
पंजाब भाजपा प्रदेश अध्यक्ष अश्वनी शर्मा पर हुए हमले के विरोध में भाजपा मंगलवार को प्रदेशभर में सड़कों पर उतरकर प्रदर्शन करेगी। भाजपा कार्यकर्ता जिलों में डीसी और एसएसपी कार्यालय के बाहर प्रदर्शन करेंगे। हालांकि भाजपा की ओर से इसकी लिखित जानकारी नहीं दी गई है लेकिन पार्टी सूत्रों के अनुसार प्रदेश स्तर के नेताओं ने भी इस पर मुहर लगा दी है।
अश्वनी शर्मा पर हुए हमले को कतई बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। पंजाब के डीजीपी दिनकर गुप्ता को हमलावरों की पहचान और उनकी गिरफ्तारी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। पंजाब सरकार ऐसे लोगों का कतई समर्थन नहीं करती। - कैप्टन अमरिंदर सिंह, मुख्यमंत्री, पंजाब।
कानून-व्यवस्था पंजाब में पूरी तरह से ध्वस्त हो चुकी है। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पर हुए जानलेवा हमला की पार्टी निंदा करती है। पंजाब के मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह को तत्काल प्रभाव से मामले की जांच कराकर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करनी चाहिए। सुनील सिंगला, प्रदेश मीडिया सह प्रभारी, भाजपा।
पंजाब भाजपा अध्यक्ष अश्वनी शर्मा पर घातक हथियारों से जानलेवा हमले की निंदा करता हूं। पंजाब में किसान आंदोलन की आड़ में यूथ कांग्रेस के गुंडे पुलिस के सहयोग से भाजपा को निशाना बना रहे हैं। ऐसे घिनौने राजनीतिक हमलों से भाजपा न डरेगी, न झुकेगी और न अपने संकल्प से पीछे हटेगी। तरुण चुघ, राष्ट्रीय महासचिव।