अशोक काका की हतया को लेकर विरोध प्रदर्शन
- फोटो : अमर उजाला
कांग्रेस नेता अशोक काका की हत्यारों को गिरफ्तार करने की मांग करते हुए रोहतक के व्यापारियों ने विरोध प्रदर्शन किया। सभी व्यापारी आज सुबह अग्रसेन चौक पर एकत्रित हुए और जुलूस की शक्ल में शहर के मुख्य मार्गों से होते हुए छोटूराम चौक पर पहुंचे जहां सड़क के बीच बैठकर सरकार व प्रशासन के खिलाफ बिगड़ चुकी कानून व्यवस्था को लेकर जमकर नारेबाजी की।
प्रदर्शनकारियों का नेतृत्व गोल्ड स्मिथ एंड ज्वैलर्स एसोसिएशन के प्रधान राकेश वर्मा, डेयरी एसोसिएशन के प्रधान राजकमल सहगल, रेलवे रोड़ ट्रेडर्स एसोसिएशन के प्रधान हेमंत बक्शी, व्यापार मंडल के जिलाध्यक्ष गुलशन डंग एवं व्यापारी नेता देवेंद्र भारत कर रहे थे। प्रदर्शनकारियों ने जिला प्रशासन व पुलिस को दो टूक शब्दों में चेतावनी दी है कि अगर पुलिस ने कल रात तक हत्यारों को गिरफ्तार नहीं किया तो वे सोमवार को पूरा रोहतक शहर बंद करेंगे।
प्रदर्शनकारियों का कहना है कि पहले तो वे जाट आरक्षण की आंच से आहत हैं और अब काका की हत्या से वे बुरी तरह टूट चुके हैं। उन्होंने कहा कि काका व्यापारियों के नेता ही नहीं थे बल्कि एक मिलनसार और प्रभावशाली व्यक्ति थे। जिनकी दिन दहाड़े हुई हत्या ने कानून व्यवस्था की पोलखोल कर रख दी है। प्रदर्शनकारियों ने इस बात पर दुख जताया कि काका को धमकी मिलने के बाद पुलिस में दी गई शिकायत पर कोई कारवाई नहीं होने से काका की हत्या हुई जो दुर्भाग्यपूर्ण है।
उन्होंने उन पुलिसकर्मियों के खिलाफ भी कारवाई की मांग की है जिन्होंने इस मामले में ढील बरती। काका की हत्या के रोष स्वरूप कल सर्विस क्लब में भी सन्नाटा पसरा रहा।