जिला अस्पतालों में आधुनिक मशीनों व सुविधाओं से लैस आईसीयू, ऑपरेशन थियेटर व वार्ड तैयार किए जाएंगे। मिशन की शुरुआत पटियाला के माता कौशल्या अस्पताल से की गई है। अस्पताल को 13.80 करोड़ की लागत से अपग्रेड किया गया है। यहां आईसीयू, एनआईसीयू और अन्य सुविधाएं प्रदान की जाएंगी।
दोनों नेताओं ने साफ किया कि पटियाला में यह कार्यक्रम राजनीति से प्रेरित नहीं है। वोटों के लिए वे यहां नहीं आए हैं, बल्कि पंजाब की जनता को बताने आए हैं कि अब उन्हें कर्ज लेकर निजी अस्पतालों में महंगा इलाज नहीं कराना पड़ेगा। गांधी जयंती पर सेहत क्रांति की शुरुआत की जा रही है।
शिक्षा क्षेत्र में सुधार के लिए उठाए जा रहे कदम: मान
पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने कहा कि उन्होंने चुनाव से पहले स्वास्थ्य और शिक्षा की सुविधाएं देने की गारंटी दी थी। उन्होंने बताया कि अब आम आदमी पार्टी की सरकार की ओर से दोनों ही गारंटियों को पूरा किया जा रहा है। सीएम भगवंत मान ने कहा कि अब तक जिला अस्पतालों में आईसीयू नहीं हैं, जिसके चलते मरीजों को इलाज के लिए बड़े अस्पतालों में रेफर कर दिया जाता है।
पंजाब में खोले 664 आम आदमी क्लीनिकों में अब तक 59 लाख से अधिक मरीज लाभ उठा चुके हैं। वहीं, स्वस्थ पंजाब एप भी लांच की गई है, जिससे क्लिक करने पर लोग पास के आम आदमी क्लीनिकों का पता लगा सकेंगे। राज्य सरकार का लक्ष्य है कि आम आदमी क्लीनिकों की तरह लोगों को मुफ्त दवाएं मुहैया करवाने के लिए सभी सरकारी अस्पतालों में आयुष फार्मेसी शुरू की जाए। इसके साथ ही 1866 मेडिकल व पैरा मेडिकल स्टाफ की भर्ती से स्वास्थ्य सेवाओं को और मजबूत किया जाएगा।