वाई सत्य कुमार ने नागरिकता संशोधन कानून को लेकर भी विपक्ष पर निशाना साधा। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को ग्लोबल नेता बताते हुए कहा कि विपक्ष के पास कोई मुद्दा नहीं बचा है, इसलिए वह झूठ का सहारा लेकर लोगों को भड़का रहे हैं। इस मौके पर पार्टी के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष संजय टंडन, सांसद किरण खेर, संगठन महामंत्री दिनेश कुमार, प्रदेश उपाध्यक्ष रघुबीर लाल अरोड़ा, रामबीर सिंह भट्टी, भीमसेन, महामंत्री प्रेम कौशिक और चन्द्रशेखर समेत सभी पार्षद और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
सफल कार्यकाल पूरा किया, अच्छा दायित्व मिलना चाहिए: मनोहर लाल
सीएम मनोहर लाल ने कहा कि संजय टंडन ने काफी अच्छा काम किया है। उनकी अध्यक्षता में भाजपा ने सभी चुनाव जीते हैं। कहा कि, संजय टंडन को पार्टी में अच्छा दायित्व मिलना चाहिए। उन्होंने 10 साल का सफल कार्यकाल पूरा किया है। पार्टी हाईकमान सोच विचार कर बड़ी जिम्मेदारी जरूर देगा।
उन्होंने अरुण सूद को सलाह दी कि वह अपने कार्यकर्ताओं से आत्मीयता से बात करें। जरूरत पड़ने पर कठोरता से भी बात करनी चाहिए, क्योंकि अपनों पर ही गुस्सा किया जाता है। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ताओं से परामर्श जरूर करना चाहिए। सीएम ने कहा कि चंडीगढ़ से उनका नाता बहुत पुराना है। उन्होंने चंडीगढ़ में वोट भी दिया है।
भाजपा हाईकमान ने प्रदेश अध्यक्ष के नाम की घोषणा करने की जिम्मेदारी हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल को दी थी। अरुण सूद के नाम की घोषणा से पहले मनोहर लाल ने भाषण दिया। इस दौरान उन्होंने संजय टंडन को प्रदेश अध्यक्ष बताया। इस पर सभी हैरान हो गए तो मनोहर लाल ने सभी को संबोधित करते हुए कहा कि टंडन अभी पूर्व अध्यक्ष नहीं हुए हैं।
इस पर सभी हंसने लगे। सीएम मनोहर लाल ने कहा कि अभी थोड़ी देर में ‘पूर्व’ पूर्व होने वाले हैं। सीएम ने कहा कि प्रदेश अध्यक्ष के लिए एक ही नामांकन आया है। उन्होंने उपस्थित कार्यकर्ताओं से पूछा कि अगर कोई अभी भी बनना चाहता है तो बता दे, चुनाव थोड़ा लेट करवा देंगे। मनोहर लाल ने कहा कि पता नहीं नामांकन एक ने ही क्यों भरा, या बाकियों को भरने नहीं दिया गया। इस पर सभी हंसने लगे।
टंडन ने की कार्यकर्ताओं से अपील- मुझसे ज्यादा सहयोग सूद को देना
संजय टंडन ने कहा कि उन्हें 10 साल पार्टी की सेवा करने का मौका मिला। उन्होंने अपना 100 फीसदी दिया। सभी ने सहयोग भी किया लेकिन फिर भी अगर किसी को कोई शिकायत हो तो वह माफ कर दें। कहा कि, वह नहीं चाहते कि बाद में कोई कहे कि उन्होंने किसी के साथ ठीक व्यवहार नहीं किया। टंडन ने कहा कि अरुण सूद अब नए प्रदेश अध्यक्ष हैं और सभी कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारी बनती है कि जितना सहयोग सभी ने हमें किया, उतना ही सहयोग सभी अब अरुण सूद को करें।
भाजपा ने पहली बार किसी प्रदेश अध्यक्ष को दिया सर्टिफिकेट
अरुण सूद को भाजपा की तरफ से एक सर्टिफिकेट भी जारी किया गया। इस सर्टिफिकेट पर अरुण सूद को चंडीगढ़ का प्रदेश अध्यक्ष चुने जाने की जानकारी थी। इसके अलावा इस पर प्रदेश चुनाव अधिकारी प्रेम कौशिक, राष्ट्रीय ऑब्जर्वर बने वाई सत्य कुमार और हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल के हस्ताक्षर थे। भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष संजय टंडन ने बताया कि भाजपा की तरफ से सर्टिफिकेट देने की प्रथा अब शुरू की गई है, जो कि बहुत ही सकारात्मक कदम है।