छह नए खाद्य सुरक्षा अधिकारियों को साैंपे नियुक्ति पत्र
अमर उजाला ब्यूरो
चंडीगढ़। पंजाब में खाद्य सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करने के लिए स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री डॉ. बलबीर सिंह ने बुधवार को छह नवनियुक्त खाद्य सुरक्षा अधिकारियों (एफएसओ) को नियुक्ति पत्र सौंपे। स्वास्थ्य मंत्री ने अधिकारियों को जनस्वास्थ्य की सुरक्षा के लिए पूरी जिम्मेदारी, ईमानदारी और सतर्कता के साथ कार्य करने की हिदायत दी।
नवनियुक्त खाद्य सुरक्षा अधिकारियों में अनिश पाल सिंह, शिवाली बावा, गुरलीन कौर, ईशा रानी, प्रियंका और शुभम शर्मा शामिल हैं। इस मौके पर डॉ. बलबीर सिंह ने कहा कि प्रदेश के प्रत्येक नागरिक को सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण खाद्य पदार्थ उपलब्ध करवाना सरकार की प्राथमिकता है।
उन्होंने कहा कि नए अधिकारियों की नियुक्ति से खाद्य सुरक्षा विभाग की मैदानी स्तर पर निगरानी और प्रवर्तन क्षमता बढ़ेगी। अधिकारी खाद्य प्रतिष्ठानों का नियमित निरीक्षण करने के साथ खाद्य पदार्थों के नमूने लेने और उनकी जांच की प्रक्रिया को व्यवस्थित ढंग से आगे बढ़ाएंगे।