हरियाणा कल्चरल अफेयर्स डिपार्टमेंट की ओर से मंगलवार को सेक्टर-18 स्थित टैगोर थिएटर में शाम-ए-गजल कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इसमें बतौर मुख्य अतिथि हरियाणा कल्चरल अफेयर्स डिपार्टमेंट के चीफ सेक्रेटरी विजय वर्धन मौजूद थे।
शाम-ए-गजल कार्यक्रम में गायिका राधिका चोपड़ा ने समीम जयपुरी के कलाम ‘अब तो मुझे कोई तमन्ना नहीं, फिर भी दिल नहीं लगता’ की प्रस्तुति दी। इसके बाद कुंदन लाल सहगल का कलाम-ए-कातिबे तकदीर मुझे इतना बता, तू क्यों मुझसे खफा है सहित कई गजलों की प्रस्तुति देकर समां बांध दिया। वहीं भजन के साथ गजल गायिकी में महारथ हासिल करने वाले अनूप जलोटा की प्रस्तुति को सुनने के लिए थिएटर का पूरा ऑडिटोरियम भर गया। अनूप जलोटा ने चांद अंगड़ाईयां लेता है..., आज जाने की जिद न करो.... गाकर माहौल को खुशनुमा बना दिया। कार्यक्रम के अंत में अनूप जलोटा और राधिका चोपड़ा ने वो कागज की कश्ती वो बारिश...गजल गाकर उपस्थित श्रोताओं का दिल जीत लिया।