मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर के साथ डिनर का लुत्फ लेकर केरल गए हरियाणा के स्वास्थ्य मंत्री अनिल विज को शायद समुद्र किनारे नारियल पानी का स्वाद बहुत भा गया है। वे केरल में आयोजित राष्ट्रीय खेलों में हरियाणा के खिलाड़ियों का उत्साह तो बढ़ा ही रहे हैं, लेकिन समय-समय पर ट्वीट के जरिए वे हरियाणा के सरकारी तंत्र और अफसरशाही पर चोट भी कर रहे हैं।
अपने ताजा ट्वीट में विज ने लिखा है- ‘मैं राजनीति में कांग्रेस का ठेला धकेलने के लिए नहीं आया।’ विज के इस ट्वीट को उनके सरकारी तंत्र के प्रति असंतोष के रूप में देखा जा रहा है। माना जा रहा है कि प्रदेश में अफसरशाही पुरानी सरकार के तौर-तरीके से ही अभी तक सिस्टम को चला रही है, जो अनिल विज को नागवार गुजर रहा है।
उनका ताजा ट्वीट अपनी ही सरकार में सरकारी व्यवस्था पर कटाक्ष कर रहा है। इधर, सोमवार को होने वाली हरियाणा केबिनेट की बैठक में भी अनिल विज मौजूद नहीं होंगे। इसके अलावा 20 फरवरी को पंचकूला में आयोजित होने वाले सिविल अस्पताल की नई बिल्डंग के उद्घाटन अवसर पर भी वे उपस्थित नहीं रहेंगे। विज मंगलवार सुबह केरल से रवाना होंगे और देर रात वे हरियाणा पहुंचेगे।