स्वास्थ्य मंत्री अनिल विज ने एसवाईएल के मुद्दे पर पूर्व सीएम हुड्डा के बयान पर पलटवार किया और बहुत बड़ी बात कह दी। उन्होंने कहा कि हुड्डा आश्वास्त करें कि सरकार भंग करने से पानी मिलता है तो हम इस पर विचार कर सकते हैं। इसके साथ ही उन्होंने के पंजाब के सीएम प्रकाश सिंह बादल पर भी हमला बोला।
स्वास्थ्य मंत्री अनिल विज शनिवार को पतंजली योग के केंद्रीय प्रभारी जयदीप आर्या के घर पहुंचे थे। इसके बाद वह पूर्व मंत्री शशिपाल मेहता के निवास पर पहुंचे और मीडिया से बातचीत की।
विज ने पंजाब की बादल सरकार व पूर्व की कांग्रेस सरकार पर निशाना साधते कहा कि एसवाईएल का मामला कांग्रेस सरकार में रहे मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह का करा धरा है। वहीं, अब पंजाब सरकार सुप्रीम कोर्ट के आदेशों की धज्जियां उड़ा रही है। न्यायपालिका और कार्यपालिका में सीधा टकराव बन गया है, जो ठीक नहीं।
विज ने कहा कि सुप्रीम कोर्ट के आदेश हैं कि इस नहर को केंद्र सरकार बनाकर दें। इसकी जिम्मेदारी केंद्र की है और वह लगी हुई है, परंतु अब सुप्रीम कोर्ट ने यथास्थिति के आदेश दिए हैं। फिर भी पंजाब सरकार कह रही है कि हम नहर नहीं बनने देंगे जो कानून का उल्लंघन है। जाट आंदोलन में गिरफ्तार हुए प्रोफेसर वीरेंद्र सिंह पर उन्होंने कहा कि उनका पुलिस रिमांड चल रहा है, जो भी सामने आएगा उसके हिसाब से कार्रवाई की जाएगी।
डाक्टरों की कमी जल्द करेंगे पूरी
अमर उजाला में छपी खबर पर स्वास्थ्य मंत्री अनिल विज ने कहा कि डाक्टरों की कमी पूरे प्रदेश है, इसको दूर करने की कोशिश की जा रही हैं। हमारा प्रयास है कि करनाल मेडिकल कालेज में और भेजा जाए, ताकि लोगों को बेहतर इलाज मिल सके। उधर, विज के आगमन को लेकर स्वास्थ्य विभाग अलर्ट रहा और अस्पताल में भी साफ सफाई की गई।