प्रेसवार्ता करते अमृतपाल सिंह।
- फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
'वारिस पंजाब दे' संगठन के प्रमुख अमृतपाल सिंह ने अजनाला पुलिस को चेतावनी दी है। उन्होंने कहा कि अगर बुधवार शाम तक पुलिस ने उनके और उनके साथियों के खिलाफ दर्ज झूठा मामला रद्द न किया तो अजनाला पुलिस के खिलाफ संघर्ष शुरू कर दिया जाएगा। अमृतपाल सिंह ने अपने पैतृक गांव जल्लूपुर खेड़ा में अपने समर्थकों की बैठक के बाद सरकार और पुलिस को चेतावनी दी।
उन्होंने कहा कि एक साजिश के तहत उनके खिलाफ मामले दर्ज किए जा रहे हैं। वह किसी भी कीमत पर इसे सहन नहीं करेंगे। अमृतपाल ने कहा कि वह न तो आप और न ही उसके समर्थक पुलिस से डरते हैं। पुलिस अगर धक्केशाही करेगी तो हमें भी जवाब देना आता है। उन्होंने कहा कि अगर पुलिस ने उनके समर्थकों को परेशान करना बंद नहीं किया तो अजनाला पुलिस के खिलाफ सीमित समय के लिए अभियान शुरू किया जाएगा।
अमृतपाल पर बोले कांग्रेसी सांसद बिट्टू, बच्चा डर गया
वारिस पंजाब के प्रमुख अमृतपाल सिंह के केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के बारे दिए गए बयान पर यूटर्न लेने पर कांग्रेस सांसद रवनीत सिंह बिट्टू ने तंज कसा है। बिट्टू ने ट्वीट कर कहा है कि पंजाब को देश से अलग करने की लड़ाई में सिर देने की बात करने वाला अमृतपाल सिंह एक पर्चे से डरकर सुबह से फेसबुक पर सफाई दे रहा है। प्रशासन से विनती है कि बच्चा काफी डर गया है और गलती मान रहा है। इसलिए उसे माफ कर दें।