भाजपा अध्यक्ष अमित शाह ने पाकिस्तान को ललकारते हुए कहा, 'शुरू पाकिस्तान करेगा और खत्म हम करेंगे'। शाह हांसी में आयोजित रैली में लोगों को संबोधित करते हुए पाकिस्तान को ललकारा।
उन्होंने सोनिया और राहुल गांधी को भी निशाने पर लिया। भाजपा प्रत्याशी प्रो. छत्रपाल सिंह के पक्ष में चुनाव प्रचार करने आए शाह ने कहा कि पिछली सरकारों के दौरान बॉर्डर पर गोलीबारी पहले पाकिस्तान शुरू करता था और अंत भी पाकिस्तान ही करता था। नरेंद्र मोदी के प्रधानमंत्री बनने के बाद हालात में बदलाव आया है।
अब शुरू तो पाकिस्तान करता है, लेकिन अंत हिंदुस्तान की फौज करती है। वहां (पाकिस्तान) से गोली चलती है और यहां से जवाब में गोला चलता है।
'दिल्ली के दामाद को जमीन बेच डाली'
अमित शाह ने कहा कि कश्मीर के अलगाववादियों से बातचीत करनी है तो भारत से बात नहीं हो सकती। अमित शाह ने हुड्डा सरकार पर तंज कसते हुए रॉबर्ट वाड्रा का नाम लिए बगैर कहा कि हरियाणा सरकार ने दिल्ली के दामाद को जमीन बेच डाली।
अमित शाह ने कहा, सोनिया जी आपके परिवारों ने तो देश पर 60 साल राज किया है, लेकिन कभी हिसाब नहीं दिया। आप फिर भी हमसे महीनों का हिसाब मांगती हो। जनता ने हमें 60 महीने का जनादेश दिया है। 2019 में डंके की चोट पर जनता को हिसाब देंगे। अमित शाह ने कहा कि सबसे पहले हमने बोलने वाला प्रधानमंत्री दिया है।
देश की जनता पिछले 10 सालों से पीएम की आवाज सुनने को तरस गई थी। चुटकी लेते हुए अमित शाह ने कहा कि या तो उनकी पत्नी या फिर मैडम गांधी ने ही अपनी आवाज सुनी होगी। वे यहीं नहीं रुके, उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का अमेरिका में पूरी दुनिया के सामने हुआ सम्मान देश की सवा सौ करोड़ जनता का सम्मान है।
राहुल बाबा की आंखों पर विदेशी चश्मा : शाह
शाह बोले अगर सात भागवत सप्ताह भी बैठानी पड़े तो चार महीने में करवाए गए विकास की सूची खत्म नहीं होगी। अमित शाह ने कहा कि अभी कांग्रेस ने राहुल बाबा को भी मैदान में उतारा है।
उन्होंने कहा कि वे पिछले दिनों सोच रहे थे कि इस बार राहुल बाबा दिखाई नहीं दिए। शाह ने कहा कि राहुल ने अपनी आंखों पर विदेशी चश्मा चढ़ा रखा है, इसलिए असलियत दिखाई नहीं देगी। उन्होंने कहा कि राहुल मैदान में आ गए हैं तो बीजेपी की जीत निश्चित है।
कांग्रेस ने तो वो चुराया, जिसे चोर भी नहीं चुराता
कोयला घोटाले पर बोलते हुए अमित शाह ने कहा कि कांग्रेस ने तो वह चीज चुराई है, जिसे चोर भी नहीं चुराता। अकसर लोग कोयले को घर के बाहर रख देते हैं, क्योंकि उन्हें मालूम होता है कि इसे कोई चोरी नहीं करेगा, लेकिन एक कांग्रेसी ने तो 56 लाख रुपये का कोयला भी चोरी कर लिया।
विकास दर बढ़ी
शाह ने कहा कि भाजपा के आने के साथ ही विकास दर बढ़ कर 5.7 पर पहुंच गई है। तीन हजार विदेशी कंपनियों ने भारत में कारखाने लगाने के लिए आवेदन किया है।