अभिनेत्री और भाजपा सांसद हेमा मालिनी को करीब से देखने की चाहत में एक युवक घायल हो गया। मामला हरियाणा के हिसार के बरवाला से जुड़ा है। दरअसल हेमा मालिनी शुक्रवार को बरवाला, आदमपुर और हिसार में भाजपा के उम्मीदवारों के लिए प्रचार करने के आई हुई थीं।
युवक हेमा मालिनी को करीब से देखने की चाहत में गांव सरसौद निवासी महेंद्र हेमा मालिनी के हेलीकॉप्टर के इतने नजदीक चला गया कि हेलीकॉप्टर की पंखुडियों के रुकने से पहले ही वह उनकी चपेट में आ गया। घायल युवक को तुरंत बरवाला के निजी अस्पताल में भर्ती करवा गया, जहां पर डाक्टरों ने कुछ देर के बाद युवक को छुट्टी दे दी गई।
इस घटना से वीआईपी की सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े हो गए हैं। हेमा मालिनी शुक्रवार को जब हेलीकॉप्टर से बरवाला पहुंची तो सैकड़ों की संख्या में ग्रामीण और युवक सुरक्षा घेरा तोड़कर लैंडिंग की जगह पहुंच गए। ऐसे में सरसौद निवासी महेंद्र भी लैंडिंग की जगह पर पहुंच गया।