भारत रत्न बाबा साहेब डॉ. भीम राव अंबेडकर की 125वीं जयंती के अवसर पर वीरवार को जगाधरी अनाजमंडी में आयोजित राज्य स्तरीय समारोह में मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों को कई सौगातें दी। फरीदाबाद की स्किल डेवलपमेंट यूर्निवर्सिटी का नाम भीम राव अंबेडकर स्किल डेवलपमेंट यूनिवर्सिटी रखने की घोषणा की। इसके साथ ही अनुसूचित जाति की लड़कियों की
स्नातक स्तर तक ट्यूशन फीस माफ करने, पहली से पांचवी कक्षा तक के अनुसूचित जाति के विद्यार्थियों के लिए स्कूल ड्रेस के लिए 400 रुपये से बढ़ाकर 800 रुपये करने की घोषणा की।
डॉ. अंबेडकर जयंती समारोह के सहारे भाजपा दलितों को यह एहसास कराती नजर आई कि सही मायने में वही दलितों की हितैषी पार्टी है। अपने संबोधन के दौरान मुख्यमंत्री के साथ-साथ
मंत्रियों, सांसद व विधायकों ने दलितों के लिए भाजपा सरकार द्वारा शुरू की योजनाओं का जमकर बखान किया। मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर ने कहा कि डॉ. अंबेडकर के काम की पहचान पूर्व मुख्यमंत्री अटल बिहारी ने की। डॉ. अंबेडकर को भारत रत्न दिलाने में उनका अहम योगदान है।
परिवहन मंत्री कृष्ण लाल पंवार ने कहा कि हरियाणा के गठन से लेकर डेढ़ साल पहले तक किसी भी मुख्यमंत्री ने डॉ. भीम राव अंबेडकर, संत रविदास, महर्षि वाल्मीकि व संत कबीर दास को उतना मान-सम्मान नहीं दिया, जिसके वे हकदार थे। लेकिन वर्तमान सरकार ने इन महापुरुषों की जयंती को राज्य स्तर पर राजकीय समारोह के तौर पर मनाने की जो शुरूआत की है, वह दालित समाज के प्रति सकारात्मक सोच को दर्शाता है।
वित्तमंत्री कैप्टन अभिमन्यु ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी की केंद्र व प्रदेश सरकार भीम राव अंबेडकर के पदचिह्नों पर चल रही है। अनुसूचित जाति एवं पिछड़ा वर्ग कल्याण राज्य मंत्री कृष्ण कुमार बेदी, खनन, भू-विज्ञान राज्य मंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि बाबा साहब की नीतियों पर चलते हुए ही पिछले 16 माह में राज्य सरकार ने बिना किसी भेदभाव के विकास करवाया है।
ये की गई घोषणाएं
-छठी से 10वीं कक्षा तक के विद्यार्थियों को वर्दी के लिए अब मिलेंगे एक हजार रुपये।
-सफाई कर्मचारियों के लिए हरियाणा सफाई कर्मचारी आयोग बनेगा।
-आईटीआई में पढ़ने वाले अनुसूचित जाति के सभी विद्यार्थियों को छात्रवृति।
-ग्रामीण सफाई कर्मचारियों को मिलेंगे वर्ष में दो जोड़ी वर्दी व एक जोड़ा जूता।