दो जुलाई से अमरनाथ यात्रा का शुभारंभ होगा। बाबा बर्फानी के दरबार में लंगर लगेगा और वहां भक्तों को होटलों जैसी सुविधाएं मिलेंगी। शिविर पार्वती सेवा दल के प्रधान राजेंद्र सिंह ने बताया कि उनके संगठन की तरफ से बालटाल में शिविर का आयोजन किया जाएगा।
17 जून को चंडीगढ़ से पदाधिकारियों और सेवादारों का जत्था प्रस्थान करेगा। करीब आठ ट्रकों में भंडारा का सामान भी जाएगा। एक जुलाई को मां अन्नपूर्णा की पूजा होगी और अखंड ज्योति प्रज्ज्वलित किया जाएगा। अखंड ज्योति प्रज्ज्वलित होने के बाद लंगर शिविर दो जुलाई से शुरू होकर पांच अगस्त तक चलेगा।
बालटाल में बाबा के भक्तों के लिए 24 घंटे बिना रुके भंडारा चलेगा। राजेंद्र सिंह ने बताया कि 60 सेवादार और 25 पदाधिकारी शिविर में हर समय मौजूद रहेंगे। हर दिन करीब तीन हजार भक्तों के लिए भंडारा का इंतजाम होगा। लेमन टी, कॉफी और सूप भक्तों के लिए अनवरत प्राप्त होंगे। सभी सामान हाई क्वालिटी के होंगे।
भक्तों के लिए फूट मसाजर, इलेक्ट्रॉनिक मसाजर, लेग मसाजर हाेंगे। आक्सीजन मेकिंग और गर्मपानी की व्यवस्था की जाएगी। एक घंटे में पांच सौ लीटर पानी को साफ करने की क्षमता वाली आरओ मशीन होगी। हाइजेनिक किचन होगा। साथ ही हाइजेनिक टायलेट और बाथरूम होंगे।
भक्तों की सेवा में संस्था की ओर से दो एंबुलेंस तैनात होंगे। एंबुलेंस बालटाल से श्रीनगर तक सेवा में रहेगा। किसी भी भक्त की तबीयत खराब होने पर मुफ्त में एंबुलेंस की सेवा दी जाएगी।