अमर उजाला की ओर से चंडीगढ़ मेंशुक्रवार को ‘श्री मुरारीलाल माहेश्वरी स्मृति वाद विवाद प्रतियोगिता-विचार प्रवाह’ का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम सेक्टर- 11 स्थित पोस्ट ग्रेजुएट गवर्नमेंट कॉलेज (पीजीजीसी) में हुआ। ‘सोशल मीडिया पर प्रतिबंध देशहित में जरूरी है’ विषय पर दस कॉलेजों के विद्यार्थियों ने पक्ष व विपक्ष में अपनी राय रखी और दमदार तर्क रखकर मुकाबले को रोमांचक बना दिया।
प्रतियोगिता में पीजीजीसी-11 के बीए प्रथम वर्ष के छात्र तिलकराज ने सोशल मीडिया के पक्ष में विचार रखकर प्रथम स्थान प्राप्त किया। दूसरे स्थान पर राजकीय महिला महाविद्यालय सेक्टर- 42 की बीएससी तृतीय वर्ष की छात्रा जसलीन कौर रहीं। खालसा कॉलेज को-एड सेक्टर- 26 के बीए तृतीय वर्ष के विद्यार्थी मनदीप सिंह तीसरे स्थान पर रहे। सांत्वना पुरस्कार एसडी कॉलेज चंडीगढ़ की बीएससी प्रथम वर्ष की छात्रा रिया स्वामी व एमसीएम कॉलेज वीमेन सेक्टर 36 की एमए प्रथम वर्ष की छात्रा अमनदीप कौर को मिला।
अमर उजाला ने युवाओं को एक नया मंच दिया : डॉ. रमा अरोड़ा
प्रतियोगिता का शुभारंभ पीजीजीसी सेक्टर-11 की प्रिंसिपल प्रो. डॉ. रमा अरोड़ा ने किया। उन्होंने कहा, अमर उजाला देश व दुनिया की खबरें देने के साथ साथ सामाजिक सरोकारों को भी प्रमुखता से निभा रहा है। इस प्रतियोगिता के जरिये युवाओं को नई जानकारी व मंच मिला है। नई पीढ़ी को सोशल मीडिया एक तकनीक के रूप में मिला है, लेकिन देश हित में इसका सद्पयोग होना चाहिए। गलत संदेशों को किसी हाल में न फैलाएं।
पहले संदेश जो आप आगे भेज रहे हैं उसकी जांच कर लें कि वह सही है या गलत। सही मिलने पर ही उसे आगे भेजें। उन्होंने कहा, ‘देशहित सर्वोपरि है। निष्ठा सभी की देश के प्रति होनी चाहिए। हर किसी को थोड़ी थोड़ी जिम्मेदारियां लेनी होंगी, अकेले सरकार कुछ नहीं कर सकती।’ उन्होंने स्टूडेंट्स से कहा कि आने वाले 15 साल बाद आप सभी देश का भविष्य होंगे, इसलिए अच्छा कार्य करें।
घर में विचारशैली सही करें और पड़ोसियों से अच्छा व्यवहार रखें। बुजुर्ग व बड़ों से कम्युनिकेशन किसी हाल में न तोड़ें। पुरानी पीढ़ी के अनुभव व नई पीढ़ी के विचार से ही देश आगे जाएगा।
पांच, तीन व दो हजार रुपये देने की घोषणा
प्रतियोगिता के परिणामों की घोषणा के बाद सभी विजेताओं को सर्टिफिकेट व अमर उजाला सफलता कंपीटीशन बुक देकर प्रिंसिपल प्रो. रमा अरोड़ा ने पुरस्कृत किया। इसी दौरान प्रथम स्थान पाने वाले विद्यार्थी को पांच हजार, द्वितीय स्थान पाने वाले को तीन हजार व तृतीय स्थान पाने वाले विद्यार्थी को दो हजार रुपये पुरस्कार के रूप में देने की घोषणा की गई। साथ ही सांत्वना पुरस्कार के रूप में एक-एक हजार रुपये की राशि देने की घोषणा की गई।
वाद-विवाद पर ऐसे रखे गए तर्क
सोशल मीडिया के विपक्ष में विचार रखने वाले विद्यार्थियों ने कहा, इस पर प्रतिबंध इसलिए जरूरी है कि भ्रामक संदेश पल भर में सार्वजनिक हो रहे हैं और उससे कई बड़ी घटनाएं हुई हैं। खुद सरकार ने भी कोर्ट की ओर से कई लोगों को सजा सुनाए जाने की तिथियों के दौरान सोशल मीडिया पर पाबंदी लगाई। कश्मीर में 370 धारा हटाई गई तो वहां शांति बनाए रखने केउद्देश्य से सोशल मीडिया पर प्रतिबंध लगाया गया, जो ठीक रहा। वहां धीरे धीरे शांति बहाल होती गई।
वहीं इसके पक्ष में विचार रखने वाले विद्यार्थियों ने कहा कि सोशल मीडिया के जरिये आज पल भर में सभी को जानकारियां मिल रही हैं। पहले अखबार दूसरे दिन आते थे तो जानकारी मिलती थी, लेकिन अब सोशल मीडिया पर पलक झपकते ही जानकारियां हासिल हो रही हैं। रानू मंडल समेत कई महिलाओं के उदाहरण दिए। उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया की वजह से ही रानू को उनकी प्रतिभा दिखाने का मौका मिला है।
ये रहे निर्णायक
प्रतियोगिता में निर्णायक मंडल में पीजीजीसी 11 कॉलेज हिंदी विभाग के अध्यक्ष प्रो. सुखदेव सिंह मिन्हास व एमसीएम डिग्री कॉलेज से हिंदी विभाग से असिस्टेंट प्रोफेसर डॉ. सरिता चौहान रहीं। पक्ष व विपक्ष प्रतियोगिता में अपने विचार रखने वाले 20 विद्यार्थियों के बीच से टॉप फाइव विद्यार्थियों का चयन किया गया। इस प्रतियोगिता में कॉलेज पीजीजीसी 11 की हिंदी विभाग की डॉ. निशा, पंजाबी विभाग से डॉ. जसबीर कौर व डॉ. प्रकाश का विशेष सहयोग रहा। पीजीजीसीजी कॉलेज सेक्टर 42 से अंग्रेजी विभाग की प्रोफेसर सोनिया सिकंद, डीएवी कॉलेज सेक्टर 10 से हिंदी विभाग अध्यक्ष शिवानी चोपड़ा ने भी भाग लिया।
इन विद्यार्थियों ने लिया हिस्सा
प्रतियोगिता में पीजीजीसी सेक्टर 46 के श्रवण कुमार व इशांत, पंजाब यूनिवर्सिटी के एमए हिंदी विभाग के मयंक व अवधेश, खालसा कॉलेज महिला से तनुप्रिया शर्मा, फेमिना अंसारी, डीएवी कॉलेज चंडीगढ़ से साहिल, ध्रुव, एसडी कॉलेज से रिया स्वामी, ऋतिक कश्यप, राजकीय महिला महाविद्यालय सेक्टर- 11 से अंजली कौशिक, आस्था बोथरा, राजकीय महिला महाविद्यालय सेक्टर- 42 से जसलीन कौर, कुमारी एकता, राजकीय विद्यालय को-एड सेक्टर 11 से सुष्मिता, तिलकराज, एमसीएम डीएवी कॉलेज सेक्टर- 36 से यशिका, अमनदीप कौर व खालसा कॉलेज को-एड सेक्टर- 26 से मनदीप सिंह व अमन राणा ने भाग लिया।